रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 मार्च। सप्ताहभर बाद नवरात्री है। जिसकी शुरूआत 22 मार्च से हो रहा है,जो 30 मार्च तक रहेगा। इस बार नवरात्रि में शक्ति की देवी मां दुर्गा नौका पर सवार होकर आएंगी और नवरात्रि की समाप्ति पर हाथी पर सवार होकर देवलोक को वापस लौट जाएंगी। इन दिनों में भक्त देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजन कर मनोकामनाएं पूरी करेंगे। पंचांग के अनुसार, चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 21 मार्च की रात 10.52 मिनट से शुरू होगी और 22 मार्च की रात 8.20 पर समाप्त होगी। उदया तिथि के अनुसार चैत्र नवरात्रि 22 से शुरू हो रहा है। इस दिन घटस्थापना का शुभ मुहूर्त केवल 1 घंटा 10 मिनट का रहेगा। घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 06:29 बजे से सुबह 07:39 बजे तक का होगा। इसके लिए शहर के देवी मंदिरों में ज्योति कलश की तैयारियां की जा रही है। मंदिरों में नवरात्री से पहले साफ-सफाई और रंग रोगन का काम जोरो पर है।
ज्योतिषाचार्य के अनुसार इस बार नवरात्रि में एक विशेष संयोग बन रहा है। नवरात्रि पर मकर राशि में शनि देव, मंगल के साथ रहेंगे, जो पराक्रम में वृद्धि करेंगे। रवि पुष्य नक्षत्र के साथ सर्वार्थ सिद्धि योग, रवि योग नवरात्रि को स्वयं सिद्ध बनाएंगा। शनिवार से चैत्र महीने प्रारंभ हो रहा है। नवरात्रि का शुरूआत के साथ शनिदेव का स्वयं की राशि मकर में मंगल के साथ रहना निश्चित ही सिद्धि कारक बताया जा रहा है। पंडित राकेश तिवारी का कहना है कि इस बार नवरात्री में ऐसा संयोग बन रहे है। जिसमें माता की आरधना करने वालों भक्तों को सफलता, मनोकामना की पूर्ति, साधना में सिद्धि की प्राप्ति का योग है। चैत्र नवरात्रि के दौरान कुंभ राशि में गुरु, शुक्र के साथ रहेगा। मीन में सूर्य, बुध के साथ, मेष में चंद्रमा, वृषभ में राहु, वृश्चिक में केतु विराजमान होगा।


