रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11मार्च। गर्मी अब दिन ब दिन बढऩे लगी है। प्रदेश के कई जिले इन दिनों 33-35 डिग्री तापमान तक तपने लगे हैं। और सरकारी स्कूलों में प्रायमरी,मिडिल की कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा को लेकर विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई शुरू नहीं की है।पहली से लेकर आठवीं तक प्रदेश में 40 लाख से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं।
सूत्रों का कहना है कि 10-12 वी का बोर्ड परीक्षाएं 22-25 मार्च तक खत्म हो जाएंगी। उसके बाद प्रायमरी, मिडिल क्लास की परीक्षाएं लेकर बच्चों को बढ़ती गर्मी से राहत दी जा सकती है। लेकिन अफसरशाही के चलते स्कूल शिक्षा विभाग में अब तक इन परीक्षाओं को लेकर कोई हलचल नहीं है। दरअसल ये परीक्षाएं भी कब ली जाएं,यह स्कूल शिक्षा सचिव ही तय करते हैं। जबकि पूर्व में यह डीईओ तय करते थे। करीब 20-22 वर्षों से सचिव ही तय कर रहे हैं। और वे 15 अप्रैल के बाद ही परीक्षाएं तय करते हैं। तब तक एक्स्ट्रा क्लासेस के साथ पढ़ाई कराना होता है। और उस दौरान तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर होती है। इससे ग्रामीण इलाकों में बच्चों के लिए स्कूल जाना बड़ा दुश्कर होता है। इस तरह से अफसरशाही के चलते भीषण गर्मी में बच्चों पर परीक्षा का दबाव बना रहेगा।


