रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 फरवरी। पूरे प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका का अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी है। राजधानी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त मोर्चा के आवाहन पर श्रीमती सरिता पाठक के नेतृत्व में धरना दे रही हैं आंदोलनकारियों की सभा को कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने संबोधित करते हुए वेतन काटने, सेवा समाप्त करने, धरना स्थल बूढ़ा तालाब में दीवार उठाने
जैसे धमकी को लोकतंत्र की हत्या निरूपित किया है। वहीं महिला पर्यवेक्षकों के वेतन विसंगति दूर न होने, पदोन्नति न होने व समान काम समान वेतन के तहत अन्य संवर्ग के वेतनमान ग्रेड पे की अधिकता होने से नाराज महिला पर्यवेक्षक 20 फरवरी को बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर सांकेतिक हड़ताल करेंगी।
पर्यवेक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती रितु परिहार एवं प्रवक्ता विजय कुमार झा ने बताया है कि पूर्व में 22 दिसंबर को आंदोलन की सूचना दी गई थी। किंतु महिला बाल विकास मंत्री एवं संचालक द्वारा सकारात्मक चर्चा के बाद आंदोलन को वापस ले लिया गया था। किंतु चर्चा के अनुरूप कोई निर्णय न होने से निर्णय की प्रतीक्षारत महिलाओं ने बजट सत्र में महिला पर्यवेक्षकों की मांगों पर राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट करने 20 फरवरी सोमवार को एकदिवसीय सांकेतिक हड़ताल करने का निर्णय लिया गया है। संघ की संरक्षक श्रीमती रंजना ठाकुर एवं श्रीमती याचना शुक्ला ने सभी महिला बहनों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाएंगे।


