रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 जनवरी। चुनावी घोषणा के वादे को पूरा न करने से नाराज छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य मितानिन संघ की महिलाओं ने सोमवार को राजधानी में महारैली का आयोजन किया है। इसमें 25,000 महिलाएं शामिल हैं। संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सरोज सेंगर और सचिव नंदकुमार ठाकुर ने बताया कि उनकी पांच मांगे हैं। इन्हें चुनावी घोषणा पत्र में शामिल भी किया गया था। मितानिनों ने राज्यांश को 75 से बढ़ाकर 100 फीसदी करने, प्रोत्साहन राशि के अतिरिक्त पांच-पांच हजार प्रतिमाह अतिरिक्त दिया जाए। मितानिन, प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्वयक जैसे कर्मियों को प्रतिमाह पीएफ जमा किया जाए। किसी मितानिन की मृत्यु पर नए चयन में परिवार वालों को प्राथमिकता दी जाए।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजीव झा, प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी एवं जिला सचिव विजय कुमार झा ने आंदोलनकारियों का समर्थन किया है आज प्रदेश प्रभारी संजीव झा राजधानी पहुंचे और बड़ी संख्या में महिलाओं के रैली धरना को देखकर दुख व्यक्त किए कि महिलाओं का शोषण छत्तीसगढ़ राज्य में जारी है तथा चुनावी घोषणा पत्र का पालन नहीं किया गया है। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने नारी शक्ति के अपमान की निंदा की है।


