रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के लाखों कर्मचारी शुक्रवार को पांचवें दिन भी हड़ताल पर रहे। राजधानी के सभी कर्मचारी, बुढ़ापारा धरना स्थल पर अपने आफिस टाइम में पहुंचकर दिन भर भाषण, नारेबाजी करते रहते हैं। इससे पहले संयोजक कमल वर्मा,, अध्यक्ष रामसागर कोसले के नेतृत्व में संचालनालय के सैकड़ों अधिकारी, कर्मचारियों ने इंद्रावती भवन से मंत्रालय तक मशाल रैली निकाली। वहीं शाम को सभी हड़ताली मंत्री, कांग्रेस के विधायक, सांसदों और अन्य नेताओं के निवास तक बाइक रैली के साथ जाकर ज्ञापन सौंपेंगे। इस बीच विधानसभा के कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो गए हैं।
फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने दुर्ग जाकर वहां के हड़तालियों का हौसला बढ़ाया।
प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के संरक्षक विजय कुमार झा प्रांतीय अध्यक्ष अजय तिवारी एवं न्यायिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष युद्धेश्वर सिंह ठाकुर, पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष एम एल चंद्राकर दुर्ग में सभा को संबोधित करते हुए अनिल शुक्ला द्वारा किए गए अपराधिक कृत्यों के विरुद्ध कार्यवाही करने का संकल्प लिया गया।