रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अगस्त। शहर के भीतर कई प्रमुख चौराहों और रास्तों पर आवारा पशुओं का जमावड़ा हर खासोआम को दिखता है।उस पर स्ट्रीट लाइट बंद रहते हैं। इससे वाहन चालकों को दिक्कत ही नहीं दुर्घटनाओं का शिकार भी होते हैं। ये मवेशी केवल निगम के अमले को दिखाई नहीं देते। निगम को केवल वीआईपी एरिया और एयरपोर्ट रोड पर ही जानवर नजऱ आते हैं।
निगम के प्रेस नोट में तो बड़े बड़े दावे किए जाते हैं। निगम के सभी जोनों के स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जोन स्वास्थ्य अधिकारियों के नेतृत्व में जनहित में सुगम आवागमन की दृष्टि से आवारा मवेशियों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी है। आज जोन 9 की टीम द्वारा जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के नेतृत्व एवं कार्यपालन अभियन्ता हरेंद्र कुमार साहू, जोन स्वच्छता निरीक्षक महेंद्र कलिहारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक भोला तिवारी की उपस्थिति में काऊकेचर टीम ने वीआईपी रोड से 25 आवारा मवेशियों को पकड़ कर फुण्डहर गौठान भेजा। महापौर एवं आयुक्त ने नगर निगम के सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को मुख्य मार्गो से आवारा मवेशियों को रोका छेका अभियान के तहत पकड़ कर गौठान भेजने और सुगम यातायात की व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैँ।