रायपुर
रायपुर, 25 अगस्त। प्रदेश में इन दिनों मौसम ने फिर एक बार करवट ली है। राजधानी में बुधवार की रात तेज बारिश हुई है। प्रदेश के कई जिलों में कही बारिश हुई तो कही मौसम रूखा रहा है। कई इलाके ऐसे है जहाँ लोगों को बारिश से काफी परेशानी हो रही है तो वही कई इलाके ऐसे हैं जहाँ सूखे की समस्या अब भी बानी हुई है। शहर में गुरुवार को सुबह बादल छाए रहे। कल हुए बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली है। प्रदेश के कई संभागों में दिख रहा है बारिश का असर, मानसून द्रोणिका अभी भी समुद्र तल पर मौजूद है। जिसका असर लगातार देखने को मिल रहा है, खासकर दक्षिण बस्तर में पिछले दिनों से लगातार बारिश हो रही हैं हालांकि बीते 2 से 3 दिन बारिश थमने से और मौसम खुलने से जरूर बस्तर वासियों को राहत मिली है, लेकिन सुबह से एक बार फिर से चक्रिय चक्रवात का असर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते बुधवार से ही घने बादल छाए रहे। कई इलाकों में बारिश भी हो रही है, हालांकि मौसम विज्ञानी ने बताया कि इस बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना पूरी बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानी एच.पी चन्द्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर दक्षिण पश्चिम राजस्थान के ऊपर स्थित चिह्नित निम्न दाब के केंद्र अजमेर गुना सतना पुरुलिया और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।