रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अगस्त। प्रदेश के पांच लाख कर्मचारी अधिकारी अपने मान सम्मान स्वाभिमान के संघर्ष में चौथे चरण में 22 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन करने के लिए कटिबद्ध है।
कुछ विरोधी शिक्षक संगठन जिन्होंने पूर्व में आंदोलन नहीं किया, वे आंदोलन में ना रहने की बात कर रहे हैं। प्रदेश के 90 प्रतिशत शिक्षक व शाला महाविद्यालय बंद रहेंगे। साथ ही पहली बार न्यायिक कर्मचारी संघ ने भी कर्मचारियों के सम्मान की लड़ाई में सहभागिता निभाने का संकल्प लिया है।
प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के संरक्षक विजय कुमार झा एवं न्यायिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष युद्धेश्वर सिंह ठाकुर ने बताया है कि कर्मचारी विरोधी शासन के भोपू लोग प्रदेश में गलत अफवाह फैला कर आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रहे हैं। उनका प्रयास तब विफल हो गया जब न्यायिक कर्मचारियों ने भी आंदोलन में भाग लेकर कर्मचारियों के धोखे बाजो को बेनकाब करने का संकल्प ले लिया है। प्रदेश के केवल तीन शिक्षक़ो के ऐसे संगठन जिन्होंने पूर्व में भी आंदोलन नहीं किया ऐसे लोग आंदोलन ना कर लोगों को दिग्भ्रमित कर रहे हैं ।
तथा आंदोलनकारी शिक्षकों के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। आखिर उन्होंने भी आंदोलन का विरोध करने का साहस नहीं दिखाया अपितु नैतिक समर्थन का राग अलाप रहे हैं।