रायपुर
रायपुर, 8 मई। नवा रायपुर में धरना प्रदर्शन के नए स्थल में सुविधाएं जुटाने की तैयारी शुरू हो गई है। स्थल पर शेड, बिजली-पानी का प्रबंध किया जा रहा है। यहां तीन एकड़ का स्थान सुरक्षित रखा गया है।
रायपुर शहर अब धरना-प्रदर्शन से मुक्त रहेगा। अब आंदोलनकारियों को सीधे नवा रायपुर जाना होगा। यहां इनके आंदोलन से शहर की विशेष रूप से बूढ़ातालाब, पुरानी बस्ती, सदर बाजार, मालवीय रोड जैसे बड़े और व्यापारिक क्षेत्रों में आए दिन जाम लगने लगा था। बड़े प्रदर्शन की स्थिति में आधे शहर की यातायात व्यवस्थाएं ठप पड़ जाती थी। इसे लेकर व्यापारिक संगठनों द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया था। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा चार से पांच क्षेत्रों को धरना स्थल के लिए चिन्हित किया गया था। अपर कलेक्टर एनआर साहू ने बताया कि अब राज्योत्सव मैदान के सामने तीन एकड़ जमीन पर निर्माण कार्य शुरू होंगे।