रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 फरवरी। सिरपुर, और यहां की पुरातात्विक विशेषताओं में प्रमुख आकर्षण केंद्र है लक्ष्मण मंदिर। यह सिर्फ प्राचीन मंदिर ही नहीं पति-पत्नी के बीच अगाध प्रेम का अनूठा शिल्प भी है। दक्षिण कौशल में पति प्रेम की इस निशानी को ईसवी 635-640 में राजा हर्षगुप्त की याद में उनकी महारानी वासटादेवी ने बनवाया। खुदाई में मिले शिलालेखों के मुताबिक प्रेम के अप्रतिम स्मारक आगरा के ताजमहल से भी अधिक पुरानी प्रेम कहानी लक्ष्मण मंदिर स्मारक के रूप में प्रमाणित और स्थापित है।
शैव धर्मावलंबी श्रीपुर (मौजूदा सिरपुर) में मगध नरेश सूर्यवर्मा की बेटी वैष्णव धर्मावलंबी वासटादेवी की प्रेम कहानी का उल्लेख हालांकि चीनी यात्री ह्वेन सांग ने भी अपनी यात्रा वित्रांत किया है, लेकिन प्रेम की निशानी का सनसनी खेज खुलासा लक्ष्मण मंदिर से मिले नए तथ्यों से हुआ है। भूगर्भ से उजागर हुए तथ्यों से स्पष्ट है कि ईसवी 635-640 के बीच रानी वासटादेवी ने राजा हर्षगुप्त की स्मृति में लक्ष्मण स्मारक का निर्माण करवाया। नित नए उद्घाटित पुरा अवशेषों के लिए सिरपुर विश्व धरोहर की राह में है। यहां का पुरा इतिहास लक्ष्मण मंदिर के वैभव से सदैव जुड़ा रहा। हरेक कालक्रम में इससे जुड़े नए तथ्य भी सामने आए, जिसमें ईंटों से बनी लगभग पंद्रह सौ वर्षों पूर्व निर्मित इस इमारत की शिल्पगत विशेषताओं की अधिक चर्चा की गई।
आगरा में अपनी चहेती बेगम आरजूमंद बानो (मुमताज) की स्मृति में शाहजहां ने ईसवी 1631-1654 के मध्य ताजमहल का निर्माण कराया। सफेद संगमरमर के ठोस पत्थरों को दुनियाभर के बीस हजार से भी अधिक शिल्पकारों द्वारा तराशी गई इस कब्रगाह को मुमताज महल के रूप में प्रसिद्धि मिली। ताजमहल से लगभग 11 सौ वर्ष पूर्व शैव नगरी श्रीपुर में मिट्टी के ईंटों से बने स्मारक में विष्णु के दशावतार अंकित किए गए हैं और इतिहास इसे लक्ष्मण मंदिर के नाम से जानता है।
भूकंप और बाढ़ का असर नहीं
लक्ष्मण मंदिर की सुरक्षा और संरक्षण के कोई विशेष प्रयास न किए जाने के बावजूद मिट्टी के ईंटों की यह इमारत चौदह सौ वर्षों के बाद भी शान से खड़ी हुई है। 12वीं शताब्दी में भयानक भूकंप के झटके में सारा श्रीपुर जमींदोज हो गया। चौदहवीं-15वीं शताब्दी में चित्रोत्पला महानदी की विकराल बाढ़ ने भी वैभव की नगरी को नेस्तानाबुद कर दिया लेकिन बाढ़ और भूकंप की इस त्रासदी में लक्ष्मण मंदिर अनूठे प्रेम का प्रतीक बनकर खड़े रहा है।
नारी के मौन प्रेम और समर्पण का प्रतीक
साहित्यकारों ने ताजमहल को पुरूष के प्रेम की मुखरता और लक्ष्मण मंदिर को नारी के मौन प्रेम और समर्पण का जीवंत उदाहरण बताया है। उनका मानना है कि इतिहास गत धारणाओं के आधार पर ताजमहल और लक्ष्मण मंदिर का तुलनात्मक पुनर्लेखन किया जाए तो लक्ष्मण मंदिर सबसे प्राचीन प्रेम स्मारक सिद्ध होता है।
दो संस्कृतियों के मिलन का गवाह
मिट्टी को गूंथ कर मिट्टी से ही बने पके हुए ईंटों से निर्मित स्मारक लक्ष्मण मंदिर में दक्षिण कौशल की शैव और मगध की वैष्णव संस्कृति का अनूठा मिश्रण स्पष्ट परिलक्षित होता है।
समय की भाल पर चमकती बिंदी
गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर ने ताजमहल को समय के गाल पर जमा हुआ आंसू कहा है, लेकिन लक्ष्मण मंदिर समय के भाल पर आज भी बिंदी सा चमक रहा है।
लाल ईंटों से बना मौन प्रेम का साक्षी
यूरोपियन साहित्यकार एडविन एराल्ड ने ताजमहल को जीवित पत्थरों से निर्मित अगाध प्रेम की संज्ञा दी, वहीं लक्ष्मण मंदिर को लाल ईंटों से बना नारी के मौन प्रेम का साक्षी बताया।