रायपुर

लोक सेवा गारंटी के आवेदनों में भारी इजाफा, साढ़े 13 लाख आए
30-Sep-2021 5:27 PM
लोक सेवा गारंटी के आवेदनों में भारी इजाफा, साढ़े 13 लाख आए

सवा सौ से अधिक नागरिक सेवाएं दी जा रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 सितंबर। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंर्तगत स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट परियोजना द्वारा विगत छ: माह में प्रति माह औसतन 3 लाख से अधिक नागरिक विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन कर रहे हैं। जुलाई 2021 से सितम्बर 2021 की अवधि में कुल 13 लाख 47 हजार 537 आवेदन प्राप्त हुए जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 6 लाख 35 हजार 157 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार आवेदनों में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 112 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई।

व्यापम के नाम से एसएमएस जाने के सन्दर्भ में चिप्स ने बताया कि राज्य में अधिकांश नागरिक सेवाओं की एसएमएस के माध्यम से सूचना स्टेट सर्विस डिलवरी गेटवे के माध्यम से दी जाती है, जिसमे व्यापम भी सम्मिलित है। मोबाइल हैंडसेट निर्माता कम्पनी अपने ग्राहकों की सुविधा के लिए हैंडसेट में एसएमएस समूह बनता है। एक ही एसएमएस सेंटर आईडी से भेजे गये समस्त एसएमएस मोबाईल में एक ही समूह में दीखते हैं। एक ही समूह में दिखने वाले एसएमएसत्रुटि या गडबडी ना होते हए मोबाइल हैंडसेट की सुविधा है, ताकि उपभोक्ता सरलतापूर्वक एसएमएस सर्च कर सके।

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत राज्य में विभिन्न विभागों की 129 से अधिक नागरिक सेवाएं निर्धारित समय सीमा में दी जा रही हैं। नागरिकों को जनोपयोगी सेवाओं की उपलब्धता के लिए राज्य में 1475 लोक सेवा केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि चिप्स ने कोरोना काल में अप्रेल 2020 के बाद अत्यंत अल्प समय में ऑनलाइन विवाह अनुमति, अस्थाई फटाका लायसेंस, स्थाई फटाका दुकान लायसेंस, पेट्रोल पम्प हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र, होटल व्यपार अनुज्ञप्ति, सिनेमेटोग्राफी एक्ट के तहत सिनेमा लाइसेंस, पेट्रोल पंप स्थापित करने हेतु एनओसी, विस्फोटक सामग्री विक्रय, परिवहन एवं निर्माण हेतु एनओसी आदि अनेक जनउपयोगी सेवाएं प्रारंभ की है। 2015 में लोक सेवा केंद्र शुरु होने के पश्चात अब तक 1 करोड़ 48 लाख 92 हजार से अधिक नागरिक विभिन्न सेवाओं से लाभान्वित हो चुके हैं। इन नागरिक सेवाओं की गति सम्बन्धित सेवा प्रदाता सेंटर द्वारा उपयोग की जा रही दूरसंचार नेटवर्क की गति से संचालित होती है। उक्त सेवाओं से बड़ी संख्या में नागरिक संतुष्ट है, जो योजना की सफलता स्वत: दर्शाती है।


अन्य पोस्ट