रायपुर

अमृत महोत्सव की तैयारियां जोरो पर
28-Sep-2021 5:47 PM
अमृत महोत्सव की तैयारियां जोरो पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 सितंबर। केन्द्र सरकार के आजादी का अमृत महोत्सव कैम्पेन के तहत नगर पालिक निगम द्वारा शासन के निर्देशानुसार 29 सितम्बर को कचरा अलग करो अमृत दिवस कार्यक्रम, 30 सितम्बर को सार्वजनिक शौचालय सफाई जनभागीदारी अमृत उत्सव कार्यक्रम एवं 2 अक्टूबर 2021 को बर्तन बैंक/कचरे से कला प्रदर्शनी एवं सफाई मित्र अमृत सम्मान समारोह आदि विविध सकारात्मक कार्यक्रम एवं गतिविधियां की जायेंगी। बैठक में अमृत महोत्सव कैम्पेन हेतु जोन अधिकारियों को प्रशासनिक कार्य दायित्व दिये गये।

महापौर एजाज ढेबर, और आयुक्त प्रभात मलिक के निर्देशानुसार नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अतिरिक्त महाप्रबंधक चंद्रकांत वर्मा ने नगर निगम रायपुर के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, स्वास्थ्य अधिकारी विजय पाण्डेय, स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता रधुमणी प्रधान सहित स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग नगर निगम के संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में बैठक ली एवं अधिकारियों को केन्द्र सरकार के आजादी का अमृत महोत्सव कैम्पेन के संबंध में राज्य शहरी विकास अभिकरण द्वारा जारी दिषा निर्देशों से अवगत कराया।

बैठक में रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अतिरिक्त महाप्रबंधक श्री वर्मा ने अधिकारियों को शासन के निर्देशों से अवगत कराते हुए स्पष्ट निर्देशित किया कि नगर निगम रायपुर के कार्यालय प्रमुख व नोडल अधिकारीगण कैम्पेन के सफल संचालन हेतु तत्काल कार्य गतिविधियां प्राथमिकता से सुनिश्चित करवायें।


अन्य पोस्ट