रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 14 फरवरी। खरसिया थाना क्षेत्र के हमालपारा में मोटरसाइकिल के हैंडल में रखे नगदी से भरे थैले की उठाईगिरी की घटना का चौकी खरसिया पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम एवं दस्तावेज बरामद किए हैं।
प्रकरण में 11 जनवरी को विनोद अग्रवाल निवासी जवाहर कॉलोनी खरसिया ने पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह व्यवसायी है और 10 फरवरी की रात्रि लगभग 9:30 बजे हमालपारा स्थित बुधराम उर्फ बुद्धू की दुकान के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर बैग व थैला हैंडल में टांगकर दुकान के अंदर गया था। लौटने पर बैग व थैला गायब मिले, जिनमें 8-9 हजार रुपये नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य दस्तावेज रखे थे। रिपोर्ट पर चौकी प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी द्वारा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
घटनास्थल का निरीक्षण एवं पूछताछ के दौरान दो संदेहियों के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर राजू महंत (35 ) एवं अंकित वैष्णव (27), दोनों निवासी हमालपारा तालाब पार खरसिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी राजू महंत से 4 हजार रुपये नगद एवं काला बैग जिसमें प्रार्थी का आधार कार्ड व पैन कार्ड था, जबकि आरोपी अंकित वैष्णव से 4 हजार रुपये नगद एवं थैला जिसमें दो पानी की बोतलें बरामद की गईं।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


