रायगढ़

झांसी से लापता बालिका बरामद, गिरफ्तार
14-Feb-2026 6:27 PM
झांसी से लापता बालिका बरामद, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 14 फरवरी। ऑपरेशन मुस्कान  के तहत घरघोड़ा पुलिस को सफलता मिली है। थाना घरघोड़ा क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नवाबाद, जिला झांसी से आरोपी गोविंद ओगरे के कब्जे से बरामद कर सुरक्षित वापस लाया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम में दोस्ती बढ़ाकर बालिका को शादी का झांसा देकर अपने कार से बहला-फुसलाकर झांसी ले गया था।

29 जनवरी को बालिका के परिजनों ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बालिका सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, किंतु देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आशंका व्यक्त की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। रिपोर्ट पर गुम इंसान तथा  धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा परिजनों, सहेलियों एवं सहपाठियों से पूछताछ कर लगातार पतासाजी की जा रही थी। जांच के दौरान बालिका के जिला झांसी (उ.प्र.) में होने की जानकारी प्राप्त हुई। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना की गई, जहां नवाबाद क्षेत्र में संदेही युवक गोविंद ओगरे के कब्जे से बालिका को बरामद किया गया।

बालिका का कथन महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दर्ज कराया गया एवं मेडिकल परीक्षण कराया गया। बालिका ने बताया कि मई 2025 में एक शादी समारोह के दौरान गोविंद ओगरे से उसकी पहचान हुई थी और दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत होती थी। आरोपी ने प्रेम प्रसंग की बात कर 29 जनवरी को शादी का प्रलोभन देकर उसे कार से झांसी ले गया तथा शारीरिक संबंध स्थापित किया। बालिका के कथन एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में धारा 87 एवं 64(1) बीएनएस और 4, 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई।

आरोपी गोविंद ओगरे को गिरफ्तार कर उसका मेमोरेंडम लिया गया। घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति कार क्रमांक सीजी-13-एवाय-8596 तथा एक वनप्लस मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट