रायगढ़

हाईवे पर पुलिस को देखकर भाग रही संदिग्ध स्कॉर्पियो पलटी
05-Feb-2026 7:27 PM
हाईवे पर पुलिस को देखकर भाग रही संदिग्ध स्कॉर्पियो पलटी

गाड़ी से डीजल व सब्बल बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 5 फरवरी। एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल द्वारा कल रात्रि गश्त के दौरान डीजल चोरी गैंग की धरपकड़ को लेकर गश्त पर तैनात पुलिसकर्मियों को हाईवे एवं अंदरूनी मार्गों पर विशेष निगाह रखने निर्देशित किया गया था। दोनों अधिकारी रात्रि गश्ती प्वाइंट चेक करते हुए क्षेत्र भ्रमण पर थे।

इसी दौरान एनएच-49 पर खरसिया से रायगढ़ की ओर जा रही एक संदिग्ध सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन नजर आई। पुलिस टीम को देखते ही वाहन चालक तेज गति से रायगढ़ की ओर भागने लगा। एडिशनल एसपी द्वारा तत्काल संदिग्ध वाहन की चेकिंग के लिए संबंधित थानों को सूचना दी गई। तेज रफ्तार में वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और अमलीभौना हाईवे रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने स्कॉर्पियो पलट गई।

सूचना पर जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची। स्कॉर्पियो वाहन के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। तलाशी के दौरान गाड़ी से करीब 2 मीटर लंबी प्लास्टिक पाइप, एक लोहे का सब्बल, एक अतिरिक्त नंबर प्लेट, 10 लीटर क्षमता की प्लास्टिक जरीकेन में भरा लगभग 10 लीटर डीजल तथा वाहन के आसपास बिना सिम के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

संदिग्ध अवैध गतिविधि में उपयोग की आशंका पर जूटमिल पुलिस द्वारा धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर सुरक्षित रखा गया है। वाहन मालिक एवं फरार चालक की पतासाजी की जा रही है। 


अन्य पोस्ट