रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 फरवरी। धरमजयगढ़ से गुजरने वाली भारतमाला सडक़ परियोजना के निर्माण में फ्लाईएश का उपयोग किया जा रहा है। इसके परिवहन के लिए घरघोड़ा से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रक धरमजयगढ़ क्षेत्र से होकर निर्माण स्थल तक जाते हैं।
एक फरवरी की रात एक फ्लाईएश लोड वाहन क्रमांक सीजी 10 बीवाई 6628 नीचेपारा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन ने सडक़ किनारे स्थित बिजली के खंभे और आदित्य हार्डवेयर नामक दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। दुर्घटना में दुकान और बिजली विभाग को नुकसान पहुंचा है। घटना रात के समय होने के कारण किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार क्षेत्र में फ्लाईएश वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि कई बार ओवरलोड वाहनों से सडक़ पर फ्लाईएश गिरने की समस्या भी सामने आती रही है। इस संबंध में पूर्व में स्थानीय लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन और चक्का जाम भी किया जा चुका है, जिसके बाद कुछ समय तक परिवहन पर निगरानी बढ़ाई गई थी।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड और तेज गति से चलने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि सडक़ दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। इस मामले में स्थानीय प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


