रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 फरवरी। छाल थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा रेप की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीडि़ता ने 2 फरवरी को थाना छाल में आवेदन देकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
महिला ने अपने बयान में बताया कि वह स्वास्थ्य कारणों से जनवरी 2025 से अपने मायके में रह रही है। अप्रैल में कच्चे मकान की मरम्मत के लिए उसने छाल निवासी चन्द्रभान यादव के माध्यम से मिट्टी गिरवाई थी। इसी दौरान आरोपी का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ।
पीडि़ता के अनुसार 6 अप्रैल को आरोपी उसके घर आया और बातचीत के दौरान उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाया। महिला का आरोप है कि पेय पदार्थ पीने के बाद उसे नींद आने लगी, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ रेप किया और उसके फोटो व वीडियो बना लिए। महिला का यह भी कहना है कि आरोपी बाद में फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता रहा।
महिला की शिकायत पर थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने धारा 64(2)(एम) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। महिला उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर एवं महिला थाना टीम द्वारा पीडि़ता के बयान दर्ज किए गए और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
जांच के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चन्द्रभान यादव उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम थाना छाल क्षेत्र रायगढ़ को गिरफ्तार किया।


