रायगढ़

नाबालिग से छेड़छाड़ व युवती से रेप, दो आरोपी गिरफ्तार
05-Feb-2026 7:24 PM
नाबालिग से छेड़छाड़ व युवती  से रेप, दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 5 फरवरी।  दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई है। बालिका से छेड़छाड़ तथा युवती से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। 

जानकारी के अनुसार पीडि़त बालिका के पिता द्वारा 2 फरवरी को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई कि बीते 4-5 माह से किसी अज्ञात युवक द्वारा उनकी बेटी से बात कराने एवं फोटो मांगने के लिए लगातार उनके घर के मोबाइल पर कॉल किए जा रहा था। 2 फरवरी की दोपहर बालिका उसके पिता के पास टिफिन देने जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान रात करीब 9 बजे सूचना मिली कि लडक़ी जेलपारा कॉम्पलेक्स जूटमिल के पास है। मौके पर पहुंचे परिजन ने एक युवक को भागते देखा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में बालिका ने बताया कि आरोपी कार्तिक तिवारी निवासी इंदौर (म.प्र.) से 7-8 माह पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। आरोपी उसके मामा के साथ काशीराम चौक जूटमिल में रहता है, उसने बालिका को शादी का झांसा देकर स्कूटी से उसे अपने किराये के मकान ले जाने का प्रयास कर रहा था तथा जेल परिसर कॉम्प्लेक्स में उसके साथ गंदी नीयत से छेड़छाड़ की। मामले में धारा 137(2), 75 भारतीय न्याय संहिता एवं 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी कार्तिक तिवारी को हिरासत में लिया गया। आरोपी को कल रिमांड में पेश कर जेल भेजा गया है। 

युवती से रेप आरोपी पुलिस गिरफ्त में

दूसरे मामले में कल युवती ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बादल सिंह राजपूत निवासी कोतरारोड बैकुंठपुर द्वारा अक्टूबर 2022 से जनवरी 2026 तक अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए गए तथा अश्लील वीडियो भी बनाया गया। अब आरोपी शादी से इंकार कर जान से मारने की धमकी दे रहा था। पीडि़ता के आवेदन पर  धारा 69, 115(3), 351(2), 308(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल दबिश दी गई और आरोपी बादल सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बादल सिंह, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ का गुण्डा बदमाश है, आरोपित के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड के साथ न्यायिक रिमांड पर पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट