रायगढ़
रायगढ़, 3 फरवरी। निर्माणाधीन नालंदा परिसर से लगे निगम कॉम्प्लेक्स अब चोरों के निशाने पर है। बीती रात अज्ञात तत्वों ने प्रतीक टेलर्स का ताला तोड़ते हुए न केवल सिलाई मशीन और कपड़ों पर हाथ साफ किया, बल्कि जाते-जाते दुकान में आग भी लगा दी। इस घटना के बाद अब गरीब दर्जी के सामने रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। गत रविवार रात लगभग साढ़े 8 बजे निरंजन अपनी टेलरिंग दुकान बंदकर रोजाना की तरह घर चले गए।
आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे दुकान खोलने गए तो वहां शटर में लगे ताले को टूटकर किनारे संदिग्ध हालत में पड़े पाया। किसी अनहोनी की आशंका से सिहरे निरंजन ने जब शटर उठाया तो दुकान के भीतर का नजारा देख उनके पांव तले जमीन खिसकने की नौबत सी आ गई। दरअसल, दुकान में रखे कुछ कपड़े जल रहे थे तो वहां रखे 5 सिलाई मशीन, 3 कैंची, सिलाई लिए हुए पेंट-शर्ट और ग्राहकों के सिलने के लिए रखे कपड़े समेत हजारों का माल गायब था। चूंकि, चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर दुकान के कतरन कपड़ों में आग भी लगा चुके थे, मगर आगजनी की बड़ी घटना नहीं हो पाया था।


