रायगढ़

पेट्रोलक र्मियों से मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
02-Feb-2026 6:57 PM
पेट्रोलक र्मियों से मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 2 फरवरी। कुरमापाली पेट्रोल पंप पर पेट्रोलकर्मियों से मारपीट की घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर गैर-जमानतीय धाराओं में रिमांड पर भेज दिया है।

घटना की रिपोर्ट खगपति पटेल पिता दुखुराम पटेल उम्र 53 वर्ष निवासी ठाकुरपाली द्वारा थाना कोतरारोड में दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि 1 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे वे पेट्रोल पंप पर मौजूद थे, उनके साथ रात्रि शिफ्ट कर्मचारी कमलेश पटेल एवं मनीष कुमार पटेल भी थे। इसी दौरान दो युवक शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे, मना करने पर गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों द्वारा बीच-बचाव करने पर दोनों युवक मोटरसाइकिल से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद दो अन्य साथियों के साथ लौटकर तीनों कर्मचारियों पर फिर हमला कर दिया।

मामले में थाना कोतरारोड़ में धारा 296, 351(3), 115(2), 117(2), 119(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आहत खगपति पटेल, कमलेश पटेल एवं मनीष कुमार को शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ भेजकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज द्वारा घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज निकलवाया गया, जिससे आरोपियों की पहचान भानू प्रताप बघेल, कौशल बघेल, सुभाष बघेल एवं उत्तरा कुमार बघेल सभी निवासी ग्राम गोर्रा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी भानू प्रताप बघेल से घटना में प्रयुक्त होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल आरोपी सुभाष बघेल से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।


अन्य पोस्ट