रायगढ़

अदाणी फाउंडेशन ने ग्राम स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं को दिया सहयोग
05-Feb-2026 7:25 PM
अदाणी फाउंडेशन ने ग्राम स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं को दिया सहयोग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 5 फरवरी। अदाणी पॉवर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक उत्तरदायित्व इकाई अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोडऩे और स्थानीय प्रतिभाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से संयंत्र के परिधीय तथा रेल परियोजना से जुड़े गाँवों में ग्राम स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए बैट, बॉल, स्टंप, जर्सी सहित संपूर्ण क्रिकेट किट प्रदान की गई। साथ ही, प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए टेंट सामग्री का सहयोग भी दिया गया। इस पहल से पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण बना और ग्रामीण युवाओं ने इसे अत्यंत उपयोगी बताया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से  ओमप्रकाश गुप्ता, संजय मैत्री, ओशराम सिदार, अशोक सिदार,  योगेश चौहान, फणीन्द्र सिदार, दिनेश पटेल और राम भगत निषाद  सहित अन्य ग्रामीण प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज की। सभी जनप्रतिनिधियों ने अदाणी फाउंडेशन की इस पहल को खेल प्रतिभाओं के विकास की दिशा में एक सार्थक कदम बताया।

पुसौर विकासखंड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता को भी अदाणी फाउंडेशन द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में फाइनल तक पहुँचने वाली दोनों टीमों को जर्सी और खेल सामग्री दी गई तथा आयोजन के लिए आवश्यक टेंट सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

अदाणी फाउंडेशन, रायगढ़ द्वारा पिछले तीन वर्षों से संचालित गर्ल्स कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के खेल कौशल को एक नया आयाम दिया है। अब तक 180 से अधिक स्कूली बालिकाएँ इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित की जा चुकी हैं। इन बालिकाओं ने विभिन्न महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। चक्रधर समारोह महिला कबड्डी टूर्नामेंट में टीम ने वर्ष 2023-24 और 2024-25 में लगातार विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि 2024-25 में टीम उपविजेता रही। वर्तमान वर्ष में टीम ने घरघोड़ा में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में रायगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए जशपुर को फाइनल में हराकर चौंपियन का खिताब जीता।

कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 33 बालिकाएँ राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित हो चुकी हैं। ग्रामीण क्षेत्र की भूमिका सिदार, बीना सिदार और सान्या यादव का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए होना पूरे रायगढ़ जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इन सफलताओं ने यह साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में भी उच्च स्तरीय खेल कौशल विकसित करने की पूरी क्षमता है, जिसे उचित मार्गदर्शन और संसाधनों द्वारा और अधिक उभारने की आवश्यकता होती है।

कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम में मिली उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्राम बड़ेभंडार स्थित हाई स्कूल परिसर में एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। इस कॉम्प्लेक्स में खिलाडिय़ों के लिए बेहतर खेल सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जहाँ उन्हें राष्ट्रीय स्तर के कोचों द्वारा नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है और वे राष्ट्रीय से लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।


अन्य पोस्ट