रायगढ़

ड्यूटी के दौरान निधन, दो पुलिसकर्मियों के परिजनों को पुलिस सैलरी पैकेज से 10-10 लाख का मिला बीमा चेक
04-Feb-2026 5:29 PM
ड्यूटी के दौरान निधन, दो पुलिसकर्मियों के परिजनों को पुलिस सैलरी पैकेज से  10-10 लाख का मिला बीमा चेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़,4 फरवरी । ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन होने पर जिले में पदस्थ स्वर्गीय प्रधान आरक्षक दिलीप ठाकुर की पत्नी सरस्वती सिंह ठाकुर और जीआरपी थाने में पदस्थ स्वर्गीय राम सिंह लकड़ा की पत्नी  किरण लकड़ा को पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 10-10 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।

यह सहायता राशि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और एसबीआई शाखा पुसौर के प्रबंधक द्वारा परिजनों को सौंपी गई। इस दौरान अधिकारियों ने दोनों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने परिजनों से कहा कि प्राप्त धनराशि का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी प्रकार के अनधिकृत निवेश प्रस्तावों से बचें। उन्होंने यह भी बताया कि बड़ी राशि मिलने के बाद कई बार धोखाधड़ी के प्रयास किए जाते हैं, इसलिए सतर्क रहना आवश्यक है। बैंक प्रबंधन ने भी परिजनों को फर्जी कॉल और निवेश संबंधी झांसे से बचने की सलाह दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर विभाग द्वारा सहयोग प्रदान किया जाएगा।

एसएसपी ने जानकारी दी कि जिले के सभी पुलिसकर्मियों के लिए पुलिस सैलरी पैकेज कराया गया है, जिसके अंतर्गत आकस्मिक दुर्घटना या निधन की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक की बीमा राशि का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।


अन्य पोस्ट