रायगढ़

जंगल में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत
02-Feb-2026 6:56 PM
जंगल में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत

रायगढ़, 2 फरवरी। रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। रविवार दोपहर जंगल से लकड़ी लेने गए एक ग्रामीण की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप और दहशत का माहौल बन गया है। पूरा मामला धमरजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज अंतर्गत ग्राम चुहकीमार का है। मृतक की पहचान गंगाराम सारथी 70 साल के रूप में की जा रही है, जो रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे जंगल लकड़ी लेने गया था। और दोपहर लगभग ढाई बजे के आसपास जंगल के भीतर अचानक उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। देखते ही देखते हाथी आक्रामक हो गया और गंगाराम पर हमला कर दिया। गंगा राम जान बचाने का प्रयास किया परन्तु हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हाथी मित्र दल के साथ-साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। 


अन्य पोस्ट