रायगढ़
रायगढ़, 21 दिसंबर। अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुसौर पुलिस ने महुआ शराब तस्करी में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम औरदा निवासी दयानिधि साव पिता फागुलाल साव उम्र 37 वर्ष को अवैध शराब परिवहन के मामले में आज विधिवत गिरफ्तार किया गया। मिली जानकारी के अनुसार 13 दिसंबर को पुसौर पुलिस को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर पुसौर पेट्रोल पंप के सामने घेराबंदी कर शराब रेड कार्रवाई की गई। इस दौरान एक व्यक्ति टीवीएस जुपीटर 125 सीसी स्कूटी से आते दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर स्कूटी को चाबी सहित छोडक़र मौके से फरार हो गया। स्कूटी की तलाशी लेने पर डिक्की एवं प्लास्टिक बोरी में पन्नियों के अंदर 10-10 लीटर की मात्रा में कुल 30 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। मौके पर ही अवैध शराब एवं स्कूटी को जब्त कर देहाती नालसी कायम की गई, पश्चात थाना पुसौर में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।


