रायगढ़

टाइल्स साफ करने की जिद कर उड़ा ले गए सोने के जेवरात
14-Jan-2023 6:18 PM
 टाइल्स साफ करने की जिद कर उड़ा ले गए सोने के जेवरात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 14 जनवरी। जिले के कोतवाली क्षेत्र से चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां टाइल्स चमकाने के नाम पर दो लोगों ने घर में घुसकर लाखों के गहने पार कर दिए। मामला चांदमारी क्षेत्र का है।

चांदमारी क्षेत्र के षडंगी कॉलोनी में रहने वाली महिला ने कोतवाली पुलिस को बताया कि बुधवार को उसके पति सुबह काम पर चले गए थे, महिला घर पर अकेली थी। तभी 11:30 बजे दो व्यक्ति उसके घर पर आए। उन्होंने अपने आपको टाइल्स चमकाने वाला बताया और उन्होंने महिला से कहा कि वे कंपनी के तरफ से आए हैं। वह केमिकल से बहुत ही अच्छी तरह से टाइल्स की सफाई करते हैं। महिला ने मना कर दिया लेकिन फिर भी वे जिद करने लगे।

आखिरकार महिला ने उन्हें टाइल्स चमकाने के लिए घर में बुलाया और किचन में काम करने के लिए चली गई। थोड़ी देर बाद जब वह किचन से आई तो दोनों व्यक्ति गायब थे। महिला ने कमरे में जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और उसके 02 जोडी सोने का कान का टाप्स, 03 नग सोने की अंगुठी, एक नग सोने का चैन गायब था।

महिला ने बताया कि इसके बाद वह जब घर के बाहर निकल कर आसपास देखी तो वे लोग नही दिखे। महिला ने पुलिस को दोनों का हुलिया बताया है। जिसमे एक व्यक्ति पीला रंग हाफ टी शर्ट पहना, माथे पर लाल टीका लगाया था, रंग सावंला था। दुसरा व्यक्ति मेरून रंग का फुल सर्ट पहना हुआ था। सांवला, ऊंचांई करीब 5.6 फिट है।


अन्य पोस्ट