रायगढ़
वार्ड 27 में भाजपा प्रत्याशी सरिता 266 वोटों से जीती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 जनवरी। नगर निगम के उपचुनाव में भाजपा ने आखिर खाता खोला है। भाजपा का प्रदेश में एकतरफा सुखाड़ चल रहा था वह खत्म हुआ है। इस जीत के लिए भाजपा के सभी नेताओं ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था। हालांकि मुकाबला त्रिकोणीय होने की बात कही जा रही थी लेकिन भाजपा प्रत्याशी ने यहां आराम से जीत दर्ज की।
इस वार्ड में कांग्रेस को जहां कुल 599 वोट मिले वहीं निर्दलीय प्रत्याशी योगेश्वरी कुर्रे ने भी 186 वोट पाया है जो किसी भी निर्दलीय उम्मीदवार को कम ही मिलता है। जनता कांग्रेस की प्रत्याशी को मात्र 13 वोट से संतोष करना पड़ा वहीं बसपा प्रत्याशी प्रेम इनोसेंट कुजूर को मात्र 57 वोट ही मिले। 6 वोट नोटा को भी मिला है। इस वार्ड में कुल 1739 वोट पड़े थे।
भाजपा के जीत के लिए हालांकि कई तरह फैक्टर होने की बात अब कही जा रही है लेकिन यह भी माना जा रहा है की उनका प्रचार और संगठित तरीके से किया गया काम ही अंतत: काम आया। खासकर इस वार्ड के पूर्व पार्षद और पूरे भाजपा नेता आशीष ताम्रकार के लिए कहा जा रहा है की इस जीत में उनकी भी मेहनत का योगदान रहा है।
रायगढ़ नगर निगम के वार्ड क्रमांक 27 के पार्षद स्व संजना शर्मा की मृत्यु के बाद यहां 9 जनवरी को उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। यहां 55.16 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। कुल मिलाकर 1739 वोट पड़े थे। जिसमें से भाजपा प्रत्याशी सरिता राजेंद्र ठाकुर को 865 वोट, कांग्रेस की रानी अशोक सोनी को 599 वोट, निर्दलीय प्रत्याशी योगेश्वरी कुर्रे को 182 वोट, जनता कांग्रेस प्रत्याशी रोमा राय को 13 वोट और बसपा प्रत्याशी प्रेम कुमारी इंनोसेंट को 57 वोट मिले वहीं नोटा को भी 6 वोट मिला है।


