नारायणपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नारायणपुर, 23 मई। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) नारायणपुर इकाई ने नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक बंद करो और छात्रों का भविष्य लौटाओ के नारे लगाए।
एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि एनटीए पूरी तरह छात्रों का भरोसा खो चुकी है और निष्पक्ष परीक्षा कराने में विफल रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्ष 2024 के बाद 2026 में भी पेपर लीक होना सरकार और संबंधित संस्था की मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
जिला अध्यक्ष विजय सलाम ने कहा कि भ्रष्ट व्यवस्था और लापरवाही के कारण लाखों मेहनती छात्रों के सपने टूट रहे हैं, जिससे वे मानसिक तनाव झेलने को मजबूर हैं।
एनएसयूआई ने मांग की है कि एनटीए को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की गई है। साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई गई है।
इस विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई जिला अध्यक्ष विजय सलाम, उपाध्यक्ष खिलेन्द्र सोरी, महासचिव राहुल मांडवी, शहर अध्यक्ष अदनान खान, राहुल नाग, बिरू, रेहान खान, प्रदीप दुग्गा, महेश पोयाम, मनोज वड्डे, पवन, नरेंद्र, सूरज, बुद्धा, मोहन वैष्णव, चरण मांडवी, किसलय देवांगन, रमेश अनुज वड्डे, वासुदेव मांडवी सहित बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता उपस्थित थे।


