दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 1 फरवरी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में शासकीय प्राथमिक शाला खोपली के शिक्षक गिरीश साहू को शिक्षा, समाज और बच्चों के विकास के क्षेत्र में कार्यों के लिए ‘खोपली शिक्षा रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ग्राम पंचायत खोपली की सरपंच मंजू वर्मा एवं उपसरपंच देवेंद्र भारती द्वारा साल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर प्रदान किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक गिरीश साहू द्वारा शाला विकास, बच्चों की शिक्षा तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से जुड़े प्रयास किए गए हैं। उनके द्वारा शाला में शैक्षणिक संसाधनों के उपयोग, शिक्षण वातावरण सुधार तथा विद्यार्थियों के साथ नियमित शैक्षणिक गतिविधियों पर कार्य किया गया।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री जतन योजना के अंतर्गत शाला परिसर में एक अंबेडकर हाल का निर्माण कराया गया, जिसमें प्रोजेक्टर और कंप्यूटर की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराना बताया गया। इसके अतिरिक्त, विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से दुर्ग जिले के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री जैसे स्वेटर, कॉपी, बैग, पेन एवं अन्य सामग्री वितरित किए जाने की जानकारी दी गई।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बताया कि शिक्षक गिरीश साहू द्वारा नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनजागरूकता एवं समाज हित से जुड़े अभियानों में भी सहभागिता की गई है।
इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला खोपली के प्रधान पाठक कुमार साहू, पूर्व प्रधान पाठक छबिलाल रघुवंशी, शिक्षकगण, ग्राम पंचायत के वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधि, शाला विकास समिति के पदाधिकारी, जनपद सदस्य, छात्र-छात्राएं तथा ग्रामवासी उपस्थित रहे। उपस्थित जनों ने शिक्षक गिरीश साहू को सम्मान प्राप्त होने पर बधाई दी।


