दुर्ग

अग्निदग्धा कांग्रेस नेत्री ने तोड़ा दम
01-Feb-2026 8:03 PM
अग्निदग्धा कांग्रेस नेत्री ने तोड़ा दम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 फरवरी।
कोर्ट स्टाफ एवं पुलिस की मौजूदगी में खुद को मिट्टी तेल डालकर आग लगाने से बुरी तरह झुलसी कांग्रेस नेत्री शबाना निशा उर्फ रानी (37) निवासी पचरी पारा ने डीकेएस हॉस्पिटल रायपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार को दम तोड़ दिया है।
जानकारी के मुताबिक जिस मकान में शबाना रहती थी उस मकान को लेकर न्यायालय में प्रकरण चल रहा था। पिछले सप्ताह कोर्ट के आदेश पर कोर्ट का स्टाफ एवं पुलिस उसका घर खाली कराने पहुंचे थे। इस पर परेशान होकर शबाना ने स्वयं पर मिट्टी तेल डाल कर आग लगा ली थी। किसी तरह लोगों ने उसे कंबल डाल कर बचाने की कोशिश की और उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से गंभीर स्थिति होने पर उसे तुरंत इलाज के लिए रायपुर ले जाकर भर्ती किया था। 95 प्रतिशत जली शबाना निशा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है।
उल्लेखनीय कि वह पिछले दुर्ग नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 28 पचरी पारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद का चुनाव लड़ चुकी थी। शबाना निशा बचपन से फेरू राम के मकान में किराए से रह रही थी। वह चाहती थी कि मलिक उसे रकम लेकर मकान बेच दे, लेकिन फेरु राम घर नहीं बेचना चाहता था। दोनों के बीच लंबे समय से कोर्ट में विवाद चल रहा था। इस मामले में शबाना को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद न्यायालय से कब्जा दिलाने के लिए आदेश जारी हुआ था। 22 जनवरी की दोपहर को कोर्ट स्टाफ एवं पुलिस घर खाली करने पहुंचे थे।
सेवानिवृत्त भृत्य को
दी गई विदाई
दुर्ग, 1 फरवरी। जिला जनसंपर्क कार्यालय दुर्ग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले भृत्य भोला सिंह यादव आज अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर जनसंपर्क परिवार द्वारा एक आत्मीय विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
श्री यादव  जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुर्ग में पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए।
 इस अवसर पर संयुक्त संचालक एम.एस. सोरी एवं समस्त कार्यालयीन स्टाफ ने उनके सेवाकाल के संस्मरण साझा किए। उनके समर्पित कार्यकाल की सराहना करते हुए उपस्थित जनों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना की। सम्मान स्वरूप उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई।


अन्य पोस्ट