महासमुन्द

ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का चक्काजाम- आर्थिक नाकेबंदी
23-Jul-2025 4:34 PM
ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का चक्काजाम- आर्थिक नाकेबंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 23 जुलाई । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर ईडी की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी की गई। इसी क्रम में बागबाहरा के टेमरी चौक में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक शांतिपूर्ण चक्का जाम आंदोलन आयोजित किया गया।

इस आंदोलन का नेतृत्व पूर्व संसदीय सचिव एवं वर्तमान खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता, तथा गणमान्य नागरिक गण इस आंदोलन में शामिल हुए।

कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार अडानी समूह को बचाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेसजनों ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध और लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया।

टेमरी चौक पर हुए इस विरोध प्रदर्शन को विधायक द्वारकाधीश यादव सहित ओबीसी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव चंद्राकर, कृषक कल्याण परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष महेंद्र चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर, बागबाहरा ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष रवि निषाद, कोमाखान कांग्रेस अध्यक्ष संतोष पटेल, पर्यटन मंडल के पूर्व सदस्य अंकित बागबाहरा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुर्गा सागर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गणेश शर्मा, पूर्व मंडी अध्यक्ष तेजन चंद्राकर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष ताम्रध्वज बघेल, आदिवासी नेता मनोहर ठाकुर इत्यादि ने संबोधित किया।

 विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि अडानी समूह छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा - जंगल, खनिज, जल और जमीन को लूट रहा है। यह लूट भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रही है। जंगलों की अंधाधुंध कटाई कर आदिवासियों को उजाड़ा जा रहा है, खनिज संपदा को ट्रकों में भरकर राज्य से बाहर भेजा जा रहा है, जिससे न केवल छत्तीसगढ़ की आर्थिक रीढ़ तोड़ी जा रही है बल्कि यहां के पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंचाई जा रही है।

विधायक यादव ने चेतावनी दी कि जो भी इस लूट का विरोध करता है, उसके खिलाफ ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग, एसीबी, ईओडब्ल्यू और पुलिस जैसी संस्थाओं का दमनात्मक उपयोग किया जा रहा है। सरकार लोकतंत्र में मिले आंदोलन के अधिकार को कुचलने पर तुली है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि हसदेव अरण्य और तमनार जैसे क्षेत्रों में आदिवासी वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं ताकि उनके जंगल, जमीन और जीवन बचे रह सकें। लेकिन भाजपा सरकार ने अडानी को खुली छूट दे रखी है। विरोध करने वालों को फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है, उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं, उनका खून बहाया जा रहा है।

विधायक यादव ने विशेष रूप से चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चैतन्य बघेल किसी भी प्रकार से राजनीति में संलिप्त नहीं हैं। वे अपने घर की खेती-किसानी और पारिवारिक दायित्वों में लगे रहते हैं। उन्हें केवल इसलिए ईडी ने गिरफ्तार किया क्योंकि वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र हैं। यह गिरफ्तारी एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है, ताकि भूपेश बघेल को मानसिक दबाव में लाया जा सके।

उन्होंने कहा कि ठीक विधानसभा सत्र के अंतिम दिन, जब कांग्रेस तमनार जंगल कटाई और अन्य जनविरोधी नीतियों को लेकर राज्य सरकार को घेरने की तैयारी में थी, उसी सुबह चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन के दिन ही ईडी द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। क्या यह संयोग है? नहीं, यह सत्ता का घिनौना दुरुपयोग और लोकतंत्र की हत्या है।

विधायक ने कहा कि यह लड़ाई अब केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की अस्मिता, पर्यावरण और संसाधनों को बचाने की लड़ाई है। भाजपा सरकार अडानी की गोद में बैठकर आम जनता की पीठ पर छुरा घोंप रही है। लेकिन कांग्रेसजन अब चुप नहीं बैठेंगे। जनता को संगठित कर इस तानाशाही और पूंजीवादी लूट का डटकर मुकाबला किया जाएगा।

आर्थिक नाकेबंदी का यह आंदोलन छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं, आदिवासियों और पर्यावरण प्रेमियों की एकजुट आवाज़ है। यह आंदोलन आज एक संदेश दे गया - छत्तीसगढ़ बिकाऊ नहीं है, लड़ेगा और अपने जंगल-जमीन-जन को बचाएगा।

विधायक यादव ने अंत में कहा कि कांग्रेस का संघर्ष केवल सत्ता के खिलाफ नहीं, बल्कि संसाधनों की रक्षा, जनहित, और लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए है। यह आंदोलन आगे भी चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से नगर पालिका उपाध्यक्ष देवेश साहू, राजेश सोनी, हेमसिंह नायक,पारस सोनवानी दानेश्वर विश्वकर्मा, सेवाराम साहू,नंदकुमार निषाद, धनराज चंद्राकर, राजेश त्रिपाठी, हेमलाल साहू, रमेश ठाकुर, अंजोर ठाकुर,विष्णु महानंद, सेतराम बघेल, डुमन लाल यादव,शहजान पाशा, शिव उपाध्याय, दयाराम पारकर लोकेश दीवान, शिवा जगत, लोकेश उईके, हबीब खान ,तूफान दीवान, नवनीत सलूजा, लखबीर छाबड़ा बसंता ठाकुर, पंकज हरपाल, डुमरौतिन ठाकुर,रीना यादव, सविता ठाकुर, चंदूलाल साहू, शांत साहू , हीरालाल धीवर, सफी मोहम्मद कमल साहू अंजोर ठाकुर, प्रदीप यादव, राजू जैन शिवचरण कुर्रे, समीम खान, बड़ा खान, अभिषेक यादव, कृष्णा हरपाल, राजू यादव, राहुल यादव, वाजिद खान, प्रीतम साहू, दिनेश मोगरे, भुवन साहू, हरिशंकर यादव, मंता यादव, ओंकार ठाकुर ,विकास चंद्राकर, तुलाराम ठाकुर, डिगेश्वर देवांगन, धनेश्वरी ठाकुर, उपेंद्र दीवान, मानसिंह ठाकुर , प्रभु यादव , चैतराम ठाकुर, देवनारायण ठाकुर, संतोष सहित  कांग्रेस के विभिन्नप्रकोष्ठ के पदाधिकारी व सदस्य गणतथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक गण उपस्थित रहे ।


अन्य पोस्ट