महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20 सितंबर। महासमुंद के जंगल में इन दिनों 26 हाथियों का डेरा है। बुंदेलाभांठा में कच्चे मकान को तोड़ा।
वन परिक्षेत्र वन मंडल मंडल ने हाथी उपस्थिति की रिपोर्ट जारी करते हुए बताया है कि कल बुंदेलाभांठा में एक कच्चे मकान को तोडऩे के बाद 20 सितंबर की सुबह एक दंतैल हाथी टस्कर एम 3 ग्राम छताल डबरा के समीप वन विकास निगम के जंगल में विचरण कर रहा है। जबकि एक हाथी बिरबीरा और पिरदा के वन विकास निगम के जंगल में विचरण कर रहा है। लगभग दो दर्जन गांवों में ग्रामीणों को अलर्ट जारी करते हुए सतर्क किया गया है कि कोई भी जंगल न जावें, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें, एक दूसरे को सचेत करते रहें और हाथी दिखने पर नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना देवें।
विभागीय जानकारी अनुसार बुधवार को बुंदेलाभांठा में हाथियों ने एक कच्चे मकान को ढहा दिया। आज हाथियों का दल रोहांसी, बड़े साजा पाली और पुराना बेलटिकरी के आसपास विचरण कर रहा है। वन विभाग के मुताबिक हाथियों के इस दल में दो हाथी और शामिल हो गए हैं। इनमें 2 नर, 14 मादा, 10 शावक शामिल हैं। वन विभाग ने बसना के ग्राम खुर्दरहा, बुंदेलाभांठा, छातापठार, बूटीपाली, हेड़सपाली, लोहारपाली, खैरजुड़ी, बड़ेसाजापाली, केंवटापाली, मुनगाडीह, बेलटिकरी, भुतहाबाहरा में अलर्ट जारी किया है।
जानकारी अनुसार महासमुंद वन मंडल में एक दिन पहले ग्राम कोना पहुंचे दंतैल हाथी कल गुरुवार रात 1 बजे ग्राम कोडार होते हुए पहट को 3.30 बजे नेशनल हाईवे- 53 को पार करते हुए कक्ष क्रमांक 822, 829, 816, 835 के बिरबीरा और पिरदा के वन विकास निगम के जंगल में विचरण कर रहा है। वन विभाग ने हाथी के मूवमेंट को देखते हुए ग्राम बिरबीरा, पिरदा, बांसकुड़ा,कुहरी, कोडार, गुडरुडीह, लहंगर, परसाडीह, कुकराडीह,पीढ़ी, मोहकम, खड़सा, सेनकपाट, सिरपुर, फूसेराडीह, छोपराडीह, अचानपुर,बंदोरा, खिरशाली, केशलडीह, रायकेरा, मरौद, सुकुलबाय, नांदबारू, अमलोर, चुहरी, पासिद, बोरिद गांव में अलर्ट जारी कर दिया है। इस तरह महासमुंद जिला मुख्यालय के नजदीक जंगल में 26 हाथियों का दल घूम रहा है। दो दिन पहले ही बसना क्षेत्र के बुंदेलाभांठा में एक शावक का जन्म हुआ है। महासमुंद जिले के तीन विकासखंड इन दिनों हाथियों के आंतक से प्रभावित हैं।