महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 सितम्बर। जंगल में मवेशी चराने गए चरवाहे पर भालू ने उसके पैर में पंजा मार कर लहूलुहान कर दिया। अचानक हुए इस हमले के बाद चरवाहा जैसे-तैसे वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों ने चरवाहे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झलप में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। मामला महासमुंद वन परिक्षेत्र के झलप अंतर्गत ग्राम अमोरा का है। वन विभाग ने घायल चरवाहा को 500 रुपए की आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की है। इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी एसआर डडसेना ने बताया कि कल शुक्रवार की सुबह अमोरा के जंगल में एक भालू अचानक आ धमका और मवेशी चरा रहे गांव के देवकुमार यादव पिता राजेन्द्र यादव 22 साल के दाएं पैर में अपने पंजे से घातक हमला कर दिया। भालू के हमले से युवक के जांघ और पैर में गंभीर खरोच आई है। इससे वह लहूलुहान हो गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि ग्राम अमोरा निवासी देवकुमार यादव मवेशियों को लेकर चराने के लिए कक्ष क्रमांक 42 में गया था। जंगल में वह मवेशियों को चरा रहा था, घटना उसी समय का है। वन विभाग की मानें तो उक्त क्षेत्र में भालू का आना-जाना हमेशा लगा रहता है।


