महासमुन्द

कफन के बदले नगदी मदद, दशगात्र में सादा सब्जी संग दाल-चावल
31-Aug-2021 9:09 PM
कफन के बदले नगदी मदद, दशगात्र में सादा सब्जी संग दाल-चावल

सामाजिक बुराइयों को दूर करने बकमा परिक्षेत्र गाड़ा समाज का संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 अगस्त।
कनेकेरा में बकमा परिक्षेत्र गाड़ा समाज की परिक्षेत्र स्तरीय बैठक समाज के ब्लॉक अध्यक्ष मदन भारती और परिक्षेत्र अध्यक्ष उदयराम मोंगरे के संयुक्त नेतृत्व में हुई। बैठक में अनेक सामाजिक मुद्दों पर चर्चा हुई और सामाजिक बुराइयों को दूर करने हेतु संकल्प पारित किया गया। 

इस दौरान समाज के लोगों ने यह निर्णय लिया कि मृत शरीर पर समाज के लोगों द्वारा कफन कपड़ा दिया जाता है, जिसका कोई मतलब नहीं होता। उसे जला दिया जाता है। कफन के बदले मृतक के घर वालों को आर्थिक मदद स्वेच्छापूर्वक की जाय, ताकि दु:ख के घड़ी में समाज का नजरिया सहयोगात्मक दिखे और सामाजिक मूल्यों का ह्रास न हो तथा समाज के लोग अपने समाज पर गर्व कर सकें। इसके साथ ही दशगात्र में परोसे जाने वाले खान पान को भी संयमित कर सादा सब्जी, दाल, चावल ही परोसे जाने तथा मत्युभोज के बाद होने वाले बिसराहा नेंग (मांसाहार) को बंद करने का निर्णय लिया गया। 

बैठक में उपस्थित समाज के लोगों ने एक स्वर में इस पर सहमति प्रदान की और इन सभी निर्णयों को संकल्प के रूप में पारित किया। बैठक में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर टोमन कागजी, नंदकुमार मोंगर, चेतन सोनवानी, भेखलाल जगत, बल्ला सोनवानी, शिवचरण कुलदीप, हरमोहन सोनवानी, मानसिंग सोनवानी, भारत, संजय, हुमन टांडे, हिम्मत कुलदीप, तुलसी कुलदीप, आंनदराम पांडेय, संतराम जगत, कोमल कुलदीप, कमलेश कुलदीप सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे। 

 


अन्य पोस्ट