महासमुन्द

दूर भागेगा कुपोषण: प्राइमरी-मिडिल-आंगनबाड़ी के बच्चे आने वाले दिनों में खाएंगे फोर्टिफाइड चावल
31-Aug-2021 6:10 PM
दूर भागेगा कुपोषण: प्राइमरी-मिडिल-आंगनबाड़ी के बच्चे आने वाले दिनों में खाएंगे फोर्टिफाइड चावल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 अगस्त।
जिले के प्राइमरी व मिडिल स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को आने वाले दिनों में सामान्य चावल के बजाए फोर्टिफाइड चावल खिलाया जाएगा। यह चावल बच्चों के कुपोषण को दूर करेगा। 

फिलहाल स्कूल का संचालन कोरोना संक्रमण के चलते सही तरीके से नहीं हो रहा है, इसलिए अभी सामान्य चावल का वितरण किया जा रहा है। आने वाले दिनों में स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र में  फोर्टिफाइड चावल पकाकर मध्याह्न भोजन में बच्चों को खिलाया जाएगा। इसके लिए खाद्य विभाग की ओर से तैयारियां शुरू हो गई है।  अधिकारियों की मानें तो वर्तमान में इस चावल की मिलिंग की जाएगी। नवंबर से मध्यान्ह भोजन के साथ फोर्टिफाइड चावल बच्चों को खिलाया जाएगा। 

जिला खाद्य अधिकारी नितिन कुमार त्रिवेदी ने बताया कि बच्चों को फोर्टिफाइड चावल खिलाने को लेकर हाल ही में वीडियो कॉन्फ्रे ंसिंग हुई है। जल्द ही इसका भंडारण कराया जाएगा। नान व जिला विपणन विभाग के अधिकारियों को फोर्टिफाइड चावल निर्माण कराने के आदेश भी दिए गए हैं। इसके लिए अलग से मिलिंग का कार्य कराया जाएगा। जिले में इस चावल का उत्पादन नहीं होता। ऐसे में मिलिंग के दौरान ही कर्नेल चावल के पाउडर को सामान्य चावल में मिलाकर इसकी प्रोसेसिंग की जाएगी। इसके लिए भी मिलर्स का पंजीयन कराया जा रहा है। अब तक करीब 48 मिलर्स का पंजीयन हो गया है। प्रक्रिया जारी है। इसलिए पंजीयन के बाद सभी मिलर्स को कस्टम मिलिंग के लिए उठाव कराया जाएगा। जिले में करीब 58 हजार चावल का मिलिंग मिलर्स करेंगे।

शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार जिले में 19 हजार 600 प्राइमरी व मिडिल स्कूल हैं। जबकि आंगनबाड़ी केंद्र 1780 हंै। यहां कुल 3 लाख बच्चे अध्ययन करते हंै। पहली प्राथमिकता स्कूल और आंगनबाड़ी में बच्चों को फोर्टिफाइड चावल खिलाने की है। गर्भवती माताओं को दिए जाने वाले गरम भोजन में भी इसी चावल का उपयोग किया जाएगा। इस चावल को खाने के बाद ये सभी बच्चे सेहतमंद बनेंगे।

जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि फोर्टिफाइड चावल तैयार करने के लिए कोई प्लांट छत्तीसगढ़ में फिलहाल में नहीं है। ऐसे में दिल्ली और हरियाणा से कर्नेल चावल का पाउडर मंगाया जाएगा। इस पाउडर के जरिए ही पंजीकृत मिलर्स सामान्य चावल से फोर्टिफाइड चावल तैयार करेंगे। उन्होंने बताया कि फोर्टिफाइड चावल के निर्माण के लिए इसके पाउडर को सामान्य चावल के साथ 1:100 के अनुपात में मिश्रित किया जाता है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फोर्टिफाइड चावल में भरपूर मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं। विटामिन बी.12, आयरन, फ ॉलिक एसिड और जिंक भरपूर मात्रा में होता है, जो कुपोषण को दूर करने जरूरी है। इसकी न्यूट्रीशनल वैल्यू भी अधिक होती है।
 


अन्य पोस्ट