महासमुन्द

बोकरामुड़ा स्कूल में जब तक शिक्षक पदस्थ नहीं होंगे, स्कूल का ताला नहीं खुलने देंगे ग्रामीण
26-Aug-2021 2:35 PM
 बोकरामुड़ा स्कूल में जब तक शिक्षक पदस्थ नहीं होंगे, स्कूल का ताला नहीं खुलने देंगे ग्रामीण

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 26 अगस्त।
बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत बोकरामुड़ा में नियुक्त शिक्षकों के ज्वाइनिंग नहीं देने का मामला तूल पकडऩे लगा है। इससे नाराज स्थानीय जनप्रतिनिधि व पालकों ने कल सुबह 10 बजे स्कूल में ताला जड़ दिया और स्कूल के सामने ही स्कूली बच्चों के साथ धरने पर बैठ गए। स्कूल में तालाबंदी की सूचना पाकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कौशल वर्मा दो शिक्षकों को लेकर मौके पर पहुंचे।

बीईओ ने उन्हें बताया कि दो शिक्षक आज से स्कूल में पढ़ाएंगे, इसलिए आंदोलन समाप्त कर बच्चों की पढ़ाई शुरू कराएं। लेकिन ग्रामीणों ने दो शिक्षकों को ज्वाइनिंग कराने से मना कर दिया और स्कूल की चाबी बीईओ को थमा दी। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक चार शिक्षक स्कूल में पदस्थ नहीं होंगे, तब तक स्कूल नहीं खुलेगा। इसके बाद बीईओ शिक्षकों के साथ वापस लौट गए। आज समाचार लिखे जाने तक सुबह के साढ़े 11 बजे थे और शिक्षकों ने बोकरामुड़ा स्कूल में ज्याइनिंग नहीं दी है। कहा जा रहा है कि आज शाम तक शिक्षकों की व्यवस्था कर दी जाएगी। स्कूूल में अभी भी ताला लटका हुआ है। 

विकासखंड शिक्षा अधिकारी कौशल वर्मा ने 'छत्तीसगढ़Ó को बताया कि तालाबंदी की सूचना मिलते ही दो शिक्षकों को ज्वाइन कराने के लिए स्कूल गया था, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों से मामले में बात हुई है और आज से स्कूल खुल जाएगा। क्योंकि तीन अन्य शिक्षकों की व्यवस्था हो गई है और पूर्व में तबादला किए गए एक शिक्षक ने भी ज्वाइनिंग करने के लिए सहमति दे दी है। बीकेबाहरा पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक तुकाराम साहू गणित के शिक्षक ने अपनी सहमति दी है। ये चारों शिक्षक गुरूवार को स्कूल पहुंचेंगे।

जानकारी के अनुसार बोकरामुड़ा स्कूल के लिए 18 अगस्त को 4 शिक्षकों का स्थानांतरण किया गया था। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद की ओर से इस संबंध में आदेश जारी करते हुए व्याख्याता, शिक्षक एलबी देवेन्द्र चंद्राकर अंग्रेजी, शासकीय उमावि सुखरीडबरी बागबाहरा की एलबी व्याख्याता कामेश्वर साहू विज्ञान, एलबी शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बीके बाहरा तुकाराम साहू गणित एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शला नवाडीह खुर्द की एलबी शिक्षक पद्मावती क्षेत्रपाल कला का स्थानांतरण किया था। लेकिन चारों शिक्षकों ने स्वाथ्यगत व नियमों का हवाला देते हुए ज्वाइनिंग देने से असमर्थता जताई थी। इसके बाद से ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई।

ज्ञात हो कि ग्राम बोकरामुड़ा हाईस्कूल में स्कूल खुलने से पूर्व यानी 2 अगस्त के पहले इस विद्यालय के 14 व्याख्याता पदस्थ थे, लेकिन जब स्कूल खुला तो एक भी शिक्षक स्कूल नहीं आए। इस संबंध में जब जनप्रतिनिधि व स्कूल शाला प्रबंधन के लोगों ने जानकारी ली तो पता चला कि स्कूल के जितने भी शिक्षक थे, उनकी प्रतिनियुक्ति स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी स्कूल में हो गई है, इसलिए शिक्षक स्कूल नहीं आ रहे हैं। इस स्कूल में एक प्राचार्य थे, लेकिन वह पद भी अब खाली है। कोविडकाल में प्राचार्य की संक्रमण से मौत हो गई थी। शिक्षकों की मांग को लेकर समिति, पालकगण व जनप्रतिनिधि बीते 10 अगस्त को कलेक्टोरेट पहुंचे थे। यहां पालकों ने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द ही शिक्षक की नियुक्ति नहीं होगी तो आंदोलन करेंगे। 


अन्य पोस्ट