महासमुन्द
महासमुंद, 25 अगस्त। कल मंगलवार को जिले में विभिन्न विभागों व योजनाओं के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा के लिए कलेक्टर डोमन सिंह ने अधिकारियों की समय.सीमा की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं नरवा-गरवा-घुरूवा-बाड़ी, मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना, वनाधिकार पट्टा, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, राजस्व प्रकरणों के निराकरण जिले के जलाशयों में जल भराव की स्थिति और खरीफ फसल के लिए छोड़े जाने वाले सिंचाई पानी के साथ ही राम वन गमन पथ की प्रगति की समीक्षा की।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना के तहत जिले में 99 हाट बाजारों को चिन्हांकित किया गया है। इससे व्यक्तियों के स्वास्थ्य जांच और मरीजों को हाट बाजार स्थल पर ही नि:शुल्क चिकित्सकीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगा। कलेक्टर ने इस पर कहा कि हाट बाजार क्लिनिक में नामांकित चिकित्सा दल आवश्यक दवाइयां, उपचार उपकरण व आवश्यक लैब की व्यवस्था जरूर करें। उन्होंने कहा कि जिले के जलाशयों में जल भराव की स्थिति को देखते हुए खरीफ सिंचाई के लिए पानी छोड़ें। जल संसाधन के अधिकारियों ने बताया कि जिले के सबसे बड़े कोडार जलाशय से खरीफ फसल की सिंचाई हेतु 13 अगस्त से पानी छोड़ा गया है।
उन्होंने जिले के गौठानों को स्वावलंबी, आदर्श गौठान के रूप में स्थापित करने की बात कही। गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, चारागाह के लिए व्यवस्था, स्वसहायता समूह की आर्थिक गतिविधियां सहित अन्य मापदंड जो स्वावलंबी गौठान के लिए निर्धारित किए गए है, उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकाश छिकारा, संयुक्त कलेक्टर सुनील कुमार चंद्रवंशी व डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने कहा कि जिले के अनुविभागीय अधिकारी व अन्य अधिकारी अपने भ्रमण के दौरान हाट बाजार में लगने वाले शिविरों का भी अवलोकन करें। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का गुण.दोष के आधार पर जल्द निराकरण करें।
कलेक्टर ने राजीव गांधी ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना में की गई तैयारियों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इसका व्यापक प्रचार.प्रसार किया जाए। यह योजना आगामी 1 सितंबर से 30 नवंबर 2021 तक है। इच्छुक हितग्राही इस योजना का आवेदन निर्धारित प्रारूप में ग्राम सचिव के पास जमा करा सकते हैं।


