महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। निर्माण कार्य की राशि का सात सालों से रुके हुए भुगतान 7 दिनों के भीतर नहीं होने पर परिवार सहित भूख हड़ताल की चेतावनी पूर्व सरपंच ने दी है। ग्राम सोरिद के पूर्व सरपंच ईश्वर प्रसाद ध्रुव ने इस संबंध में कलेक्टर को पत्र भी लिखा है। लिखे गए पत्र में पूर्व सरपंच ने कहा है कि वह 26 अगस्त से वृद्ध माता-पिता, 10 बेटियों के साथ भूख हड़ताल पर बैठेगा।
पूर्व सरपंच ने ज्ञापन के माध्यम से बताया है-साल 2010 में मैं ग्राम सोरिद का सरपंच चुना गया था। वर्ष 2015 में कार्य काल पूर्ण हुआ। कार्यकाल के दौरान विकास कार्य कराए गए, जिसमें 3 लाख 48 हजार रुपए का भुगतान शेष रह गया था। नवीन सरपंच ने पदभार ग्रहण किया। लंबित भुगतान के संबंध में निवेदन किया, लेकिन उक्त राशि का सरपंच ने भुगतान नहीं किया। बीते 17 अक्टूबर 2019 को कलेक्टर एवं अन्य उच्च अधिकारियों को इसकी लिखित में शिकायत की। जिस पर ग्रामीणों की उपस्थिति में जांच भी हुई। ग्रामीणों के बयान लिए गए, फिर भी लंबित राशि का भुगतान नहीं हुआ।
उसने आगे लिखा है-मैंने 17 मार्च 2020 से परिवार सहित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। तब 9 मार्च को तात्कालीन जनपद अध्यक्ष स्व.भागीरथी चंद्राकर की मौजूदगी में सोरिद पंचायत के वर्तमान और पूर्व सरपंच सहित पंचायत सचिव, पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों, जनपद पंचायत के अधिकारी व कर्मचारियों की संयुक्त बैठक हुई और भुगतान के लिए एक मत से सहमति बनी। लेकिन 15 माह बाद भी 3 लाख 48 हजार रुपए का भुगतान नहीं हुआ है। अब फि र से कलेक्टर डोमन सिंह को ज्ञापन सौंपकर निवेदन किया है कि 9 मार्च 2020 को बनी सहमति के आधार पर तात्कालीन पंचायत सचिव हेमलाल बघेल एवं पूर्व सरपंच अंसुशीला गंधर्व से उक्त राशि का भुगतान कराया जाए। अन्यथा 26 अगस्त से भूख हड़ताल करने बाध्य रहूंगा।


