ताजा खबर

अनुपूरक बजट प्रस्ताव में चूक, शोर-शराबा
24-Feb-2021 2:49 PM
अनुपूरक बजट प्रस्ताव में चूक, शोर-शराबा

त्रुटिपूर्ण आंकड़े पर सीएम ने दी सफाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 फरवरी।
सरकार के अनुपूरक बजट प्रस्ताव में बुधवार को गंभीर चूक सामने आई है। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने सदन में सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर काफी देर तक बहस चलती रही। आखिरकार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस पर सफाई देनी पड़ी।
 
अनुपूरक बजट प्रस्ताव पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने गलत आंकड़े देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 505 करोड़ के कुल अनुपूरक बजट में एक जगह 16 करोड़ की जगह 16 सौ करोड़ लिखा गया है। उन्होंने गलत आंकड़ों को लेकर सरकार को घेरा, और कहा कि गलत आंकड़ों पर बजट में चर्चा कैसे शुरू होगी।
विधायक बृजमोहन अग्रवाल और नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक भी खड़े हो गए, और उन्होंने सरकार पर गलत आंकड़ा देने का आरोप लगाया। इस पर मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि आंकड़े सुधार कर पढ़ लीजिए। इस पर भाजपा के विधायकों ने आपत्ति दर्ज कराई। 

बाद में परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि प्रिंटिंग त्रुटिवश बजट में 1600 करोड़ छप गया है। बृजमोहन अग्रवाल, धरमलाल कौशिक ने भी इसे गंभीर गलती माना। विपक्ष की मांग थी कि 1 मिनट का स्थगन दे दें,  उसके बाद मुख्यमंत्री आए और इस पर व्यवस्था देकर चर्चा शुरू कराएं।  इस ओर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नोंक-झोंक चलती रही। बाद में मुख्यमंत्री ने सफाई दी कि 16 सौ करोड़ की जगह 16 करोड़ पढ़ा जाए और इसी पर चर्चा कराई जाए। इसके बाद विपक्ष संतुष्ट हुआ और अनुपूरक बजट पर चर्चा शुरू की।

अजय की टिप्पणी पर विवाद
अजय चंद्राकर ने चर्चा शुरू की तो  कांग्रेस सदस्य बृहस्पत सिंह ने टोकाटाकी की।  इस पर चंद्राकर बिफर पड़े। वे यह कह गए कि मैं दूसरे तरीके से बात करूंगा तो आपको तकलीफ होगी। इस पर सत्ता पक्ष ने इसे धमकी बताया। कड़ा विरोध किया और माफी मांगने को कहा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कहा कि टिप्पणी गरिमा के अनुकूल नहीं है। इसके बाद टिप्पणी को सदन से विलोपित कर दिया गया। मामला शान्त हुआ और चर्चा शुरू हुई।


अन्य पोस्ट