ताजा खबर

मंदिर गए युवक की दर्जन भर ने की पीट-पीटकर हत्या, साथ की 3 महिलाएं घायल
22-Feb-2021 2:03 PM
मंदिर गए युवक की दर्जन भर ने की पीट-पीटकर हत्या, साथ की 3 महिलाएं घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर 22 फरवरी।
जिले की बेलगहना पुलिस चौकी के अंतर्गत भनवारटंक में मरही माता मंदिर दर्शन पर गये बिलासपुर के एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दर्शन करने गए इस समूह में एक महिला सहित तीन घायलों को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल मे भर्ती कराया गया है जबकि मारपीट करने वाला दूसरा समूह फरार है। कोटा थाना की पुलिस हत्या और उपद्रव का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

कोटा थाना के प्रभारी प्रकाशकान्त ने बताया कि बेलगहना चौकी के अंतर्गत भनवारटंक के में स्थित मरही माता मंदिर के दर्शन करने और पिकनिक मनाने बिलासपुर से 25-30 श्रद्धालुओं का एक समूह रविवार को दोपहर पहुंचा था। दर्शन के बाद सभी वहां कुछ दूर पर भोजन पका रहे थे। उसी जगह पर एक अन्य समूह के 30-40 लोग भी खाना पका रहे थे। दूसरे समूह के लोग वहां जमकर शराबखोरी, और गाली-गलौच भी कर रहे थे। बिलासपुर से पहुंचे समूह में कुछ महिलाएं भी थीं लिहाजा उनके पास जाकर इस समूह के युवकों ने ऐसा करने से मना किया। यह बात दूसरे समूह के लोगों को नागवार गुजरी। 

दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ और कुछ समय के लिए मामला किसी तरीके से शांत भी हो गया। लेकिन शाम करीब 5 बजे के आसपास एकाएक दूसरे पक्ष का पहले पक्ष के एक युवक करन रात्रे (18 वर्ष) के साथ फिर विवाद हो गया। गाली-गलौच के बीच दूसरे समूह के लोग लाठी, लकड़ी और खाना बनाने के लिए लेकर आये बेलचा को लेकर उन लोगों के ऊपर टूट पड़े। इस अप्रत्याशित हमले से करन बेहोश होकर गिर पड़ा। करन को खोंगसरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से उसे कोटा के अस्पताल रिफर कर दिया गया। रात 8 बजे के करीब करन को कोटा लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया जबकि एक महिला सहित तीन अन्य लोग भी इस मामले में घायल हैं। सभी को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल मे भर्ती किया गया है। कोटा थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 294, 323 और 302 का अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

कोटा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्ष पिक-अप, माज़दा और कुछ दोपहिया वाहनों से भनवारटंक पहुंचे थे। पुलिस ने रतनपुर, कोटा आदि स्थानों पर नाकाबंदी कर आरोपियों की खोजबीन करने की कोशिश की है लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। आरोपियों की तलाश हो रही है।


अन्य पोस्ट