ताजा खबर

लॉकडाउन खुलते ही बाजारों में भीड़, सामाजिक दूरी की धज्जियां
29-Sep-2020 1:03 PM
लॉकडाउन खुलते ही बाजारों में  भीड़, सामाजिक दूरी की धज्जियां

कलेक्टोरेट, निगम समेत सरकारी-गैरसरकारी दफ्तर भी खुले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 सितंबर।
राजधानी रायपुर की सडक़ों और बाजारों में आज सुबह से भारी भीड़ लगी रही। हफ्तेभर के लॉकडाउन के बाद लोग जरूरी सामानों की खरीदी के लिए अलग-अलग बाजारों में पहुंचे। खासकर गोलबाजार, मालवीय रोड, एमजी रोड, सदर बाजार समेत शहर के छोटे-बड़े सभी बाजारों में उनकी लगातार भीड़ बनी रही। देवपुरी थोक बाजार के साथ शास्त्री बाजार, आमापारा बाजार, महामायापारा बाजार व अन्य सब्जी बाजारों में भी लोग खरीदी के लिए पहुंचते रहे। इस दौरान की जगहों पर सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ती रही। कई लोग बिना मास्क में भी देखे गए। 

राजधानी रायपुर को हफ्तेभर के लॉकडाउन के बाद आज से अनलॉक कर दिया गया है और यहां की सभी दुकानें खुल गई हैं। निगम, कलेक्ट्रोरेट के अलग-अलग दफ्तरों के साथ तहसील, रजिस्ट्री व अन्य सरकारी-गैर सरकारी दफ्तर भी खुल गए हैं। लेकिन इन जगहों पर पहले दिन की सुबह गिनती के अधिकारी-कर्मचारी देखे गए। हफ्तेभर सन्नाटा जैसी स्थिति के बाद शहर की सडक़ों पर सुबह से लोगों की चहल-पहल बनी रही। इसमें घरों से बेवजह निकल कर घूमने वाले लोग भी शामिल रहे। हालांकि जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से जगह-जगह टीम तैनात कर थोड़ी कड़ाई बरती जा रही है। निगम की टीम मास्क न लगाने और सामाजिक दूरी न बनाने पर जुर्माना भी वसूल किया जा रहा है।
 
उल्लेखनीय है कि राजधानी रायपुर में कोरोना का कहर लगातार जारी है। रोज यहां से सैकड़ों पॉजिटिव निकल रहे हैं। हालांकि इसमें से अधिकांश लोग ठीक होकर अपने घर भी लौट जा रहे हैं। फिर भी जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ नगर निगम की टीम लोगों को जागरूक करते हुए नियमों के पालन पर जोर दे रही है। कई जगहों पर निगम और पुलिस की टीम कार्रवाई में भी लगी है। 


अन्य पोस्ट