ताजा खबर
केबीसी की टीम पहुंची नांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 सितंबर। महिलाओं को आत्मनिर्भर और संगठित करने के मिशन से जुड़ी राजनांदगांव की फूलबासन यादव के खाते में एक और उपलब्धि जुडऩे वाली है। वह जल्द ही ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के हॉटसीट पर नजर आएंगी। इस कार्यक्रम के मुख्य एंकर अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर फूलबासन उनके सवालों का जवाब देंगी। 28 सितंबर से केबीसी का 12वां सीजन शुरू होगा। मेगा स्टॉर अमिताभ बच्चन शो को होस्ट करते नजर आएंगे। जमनालाल बजाज और केंद्र सरकार की स्त्री शक्ति अवार्ड से सम्मानित फूलबासन यादव दो दशक से महिलाओं को संगठित करने के लिए समूहों का राज्यभर में गठन किया। फूलबासन की कोशिशों से खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आर्थिक रूप से संबल हुई। वहीं महिलाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का एक उन्मुक्त वातावरण बनाया।
मिली जानकारी के मुताबिक केबीसी की एक टीम रविवार को राजनांदगांव जिले के छुरिया क्षेत्र में शूटिंग के लिए पहुंच गई है। 5 सितंबर 1969 को छुरिया में जन्म लेने वाली फूलबासन का सुकुलदैहान के एक पशुपालन कारोबार से जुड़े व्यक्ति से विवाह हुआ। कक्षा 7वीं तक शिक्षित फूलबासन ने अशिक्षा, बाल विवाह, सामाजिक कुरूतियों तथा महिलाओं से जुड़ी उत्पीडऩ समस्याओं को लेकर विशेष कार्य किया। उन्हें केंद्र के अलावा दूसरे राज्यों ने भी सम्मानित किया है। केबीसी के हॉटसीट में नजर आने की खबर से समूह की महिलाओं में खुशी की लहर है। सामाजिक सरोकार से जुड़ी फूलबासन को महिलाओं के बीच एक आदर्श पहचान मिली है।


