ताजा खबर
हरियाणा के मंत्री अनिल विज और एक महिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के बीच बहस का मामला सामने आने के बाद अब मंत्री विज ने सफाई दी है.
अनिल विज ने कहा कि उन्होंने एसपी से यह करने को कहा है कि जिसके पास अधिकार है, उसको वह पत्र लिखें.
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री विज ने कहा, "चाहे मैं हूं या कोई अधिकारी हो, हम सब जनता के लिए हैं. और जनता को इंसाफ़ मिले, उसके लिए हैं. इसलिए हमें उसी ढंग से (काम) करना चाहिए."
उन्होंने कहा, "मैं एसपी से सस्पेंड करने को नहीं कह रहा हूं. जब मैं कह रहा हूं कि जिसके पास पावर है, उसको लिखिए आप कि मैंने ये आदेश दिए हैं."
हरियाणा के कैथल में शुक्रवार को एक बैठक के दौरान अनिल विज और महिला एसपी के बीच बहस हुई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में अनिल विज एसपी को निर्देश देते दिख रहे हैं कि वह एक कथित लैंड फ़्रॉड के मामले में एक पुलिस अधिकारी को निलंबित करें.
वहीं, महिला एसपी का तर्क है कि उनके पास निलंबित करने का अधिकार नहीं है. इस मुद्दे पर दोनों के बीच काफ़ी देर तक बहस चलती रही. (bbc.com/hindi)


