ताजा खबर

60 साल की पक्की नौकरी का वादा कर 78 हजार ठगे, चार युवतियां बंधक बनाकर रखी गईं
14-Feb-2026 11:54 AM
60 साल की पक्की नौकरी का वादा कर 78 हजार ठगे, चार युवतियां बंधक बनाकर रखी गईं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 14 फरवरी। सरकारी नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर चार युवतियों से 78 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नौकरी के नाम पर पैसा लेने के बाद उन्हें सिरगिट्टी में रोककर रखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई कर युवतियों को छुड़ाया और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया।

कोरबा जिले के पसान की निवासी कमला बाई श्याम ने पुलिस को बताया कि 11 फरवरी को उनकी बेटी शशि का रोते हुए फोन आया। उसने कहा कि मोबाइल कंपनी वाले उसका फोन ले गए हैं। बात संदिग्ध लगी तो परिवार ने लोकेशन निकलवाई और सीधे सिरगिट्टी पहुंच गया।

वहां जाकर पता चला कि शशि के साथ उसकी सहेलियां परमेश्वरी, क्रांति सिंह और नगमा खान भी इसी जाल में फंसी हैं।

पीड़िताओं का आरोप है कि श्याम, धीरू, चांदनी और अन्य लोगों ने उन्हें 60 साल तक स्थायी सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। फर्जी ट्रेनिंग के नाम पर हर युवती से 19,500 रुपये नकद और यूपीआई के जरिए वसूले गए।

पैसा लेने के बाद चारों को सिरगिट्टी में ही रोके रखा गया, ताकि वे घर न लौट सकें।


सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस सक्रिय हुई। युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं इस गिरोह ने और लोगों को तो शिकार नहीं बनाया।


अन्य पोस्ट