ताजा खबर
सड़क दुर्घटना में पीएससी अभ्यर्थी युवक की मौत का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 फरवरी। निर्माणाधीन जिला न्यायालय भवन के पास ट्रक और बाइक की टक्कर में तहसीलदार के बेटे की जान चली गई थी। पुलिस ने इ, मामले में ट्रक चालक और भवन के ठेकेदार को जिम्मेदार मानते हुए दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 10 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे ट्रक निर्माणाधीन भवन के लिए सामग्री लेकर पहुंचा था। ठेकेदार के कहने पर चालक ट्रक को गेट से पीछे करते हुए मुख्य सड़क पर ला रहा था।
यह इलाका काफी व्यस्त रहता है, लेकिन मौके पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही पीछे देखने के लिए कोई व्यक्ति तैनात था। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे छात्र मनींद्र भूषण श्याम को ट्रक ने टक्कर मार दी। मनींद्र, हनुमंत सिंह श्याम के पुत्र थे।
प्रत्यक्षदर्शी अमन गुप्ता के बयान के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। हादसे में मनींद्र के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गंभीर सिर की चोट बताया गया है।
जांच कर रहे प्रधान आरक्षक ने बताया कि यह केवल सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही का मामला है। भीड़भाड़ वाली सड़क पर बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के भारी वाहन से सामग्री उतारना खतरनाक साबित हुआ।
इसी आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक और निर्माण कार्य के ठेकेदार दोनों को आरोपी बनाया है। आगे की जांच जारी है।


