ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 14 फरवरी। शुक्रवार दोपहर कटनी से रायपुर जा रही कोयले से लदी मालगाड़ी के एक डिब्बे में अचानक आग भड़क उठी। घटना हर्री रेलवे स्टेशन की है, जो पेंड्रा रोड स्टेशन से आगे स्थित है। समय रहते रेलवे कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी जब हर्री स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी एक वैगन से धुआं उठता दिखा। देखते ही देखते कोयले में आग की लपटें नजर आने लगीं।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ट्रेन को तुरंत रोका गया। रेलवे कर्मचारियों ने फौरन स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पेंड्रा नगर परिषद की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तेजी दिखाते हुए करीब एक घंटे के अंदर आग पर काबू पा लिया।
अगर आग दूसरे डिब्बों तक फैल जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। लेकिन समय पर की गई कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना के चलते कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित हुआ। आग बुझने और हालात सामान्य होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कोयले में गर्मी या चिंगारी की वजह से आग लगी हो सकती है। हालांकि असली कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


