ताजा खबर

खरसिया औद्योगिक हादसा: 9 माह की बच्ची के बाद पिता और एक अन्य की भी मौत, जांच और कार्रवाई की मांग
11-Feb-2026 2:45 PM
 खरसिया औद्योगिक हादसा: 9 माह की बच्ची के बाद पिता और एक अन्य की भी मौत, जांच और कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 11 फरवरी।
रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में 5 फरवरी को हुई औद्योगिक दुर्घटना में झुलसे तीन लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। 9 माह की बच्ची भूमि खडिय़ा की पहले उपचार के दौरान मृत्यु हुई थी। बाद में उसके पिता शिव खडिय़ा तथा एक अन्य घायल इंदीवर की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

तीनों का उपचार रायपुर स्थित कल्दा बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में चल रहा था। चिकित्सकों के अनुसार वे 70 से 90 प्रतिशत तक झुलसे हुए थे।

इस मामले में दर्ज एफआईआर क्रमांक 0047 के तहत पुलिस जांच जारी है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि प्लांट प्रबंधन की ओर से एफआईआर वापस लेने और बयान बदलने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से इस संबंध में विस्तृत बयान आना बाकी है।

दुर्घटना में घायल अन्य लोगों का उपचार जारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार—मृतकों में भूमि खडिय़ा (9 माह),  शिव खडिय़ा (27 वर्ष),  इंदीवर (19 वर्ष) हैं।  वहीं गंभीर रूप से घायलों में साहेब लाल खडिय़ा,उदाशिनी खडिय़ा,  कौशल  प्रिया हैं।

परिजनों और स्थानीय संगठनों ने मृतकों के आश्रितों को मुआवजा, घायलों के उपचार का पूरा खर्च प्लांट प्रबंधन से वसूलने, दबाव के आरोपों की जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को सुरक्षा देने की मांग भी की गई है।

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट