ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 फरवरी। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के मेहता नगर भाटापारा में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट दर्ज होने के लगभग आठ घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 फरवरी की सुबह सूचना मिली कि मेहता नगर बस्ती में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर थाना भाटापारा शहर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सोनू गायकवाड़, निवासी ग्राम पेंडरी-भटभेरा थाना सुहेला (वर्तमान निवासी मेहता नगर भाटापारा) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मृतक पिछले लगभग छह माह से मेहता नगर में रहकर मजदूरी का काम कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में युवक के गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए। इस संबंध में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना भाटापारा शहर पुलिस ने आसपास के लोगों और मृतक के परिचितों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार संदेह के आधार पर लक्की भारद्वाज निवासी मेहता नगर, को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने शराब पिलाने को लेकर विवाद होने की बात कही और लोहे के टंगिया से वार करना स्वीकार किया, ऐसा पुलिस का दावा है।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद कथित रूप से उपयोग किया गया टंगिया टेउराम कॉलोनी के पीछे झाडिय़ों में छिपाया गया था, जिसे बरामद कर लिया गया है। आरोपी को 11 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
मामले की आगे की जांच जारी है।


