ताजा खबर
निर्माणाधीन जिला कोर्ट के सामने सुबह खाली सड़क पर हुई दुर्घटना
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 11 फरवरी। शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक सड़क हादसे में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। निर्माणाधीन जिला न्यायालय भवन के सामने उसकी स्पोर्ट्स बाइक एक भारी वाहन से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मनींद्र भूषण सिंह श्याम (23), मूलतः राजनांदगांव जिले के रहने वाला था और रामा लाइफ सिटी में किराए के मकान में रहकर पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे वे बाइक लेकर निकले थे। बताया जा रहा है कि सुबह की खाली सड़क में वह तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था।
करीब 5 बजे वह नाश्ता लेकर अपने कमरे की ओर लौट रहा था, तभी निर्माणाधीन जिला न्यायालय परिसर से बाहर निकल रहे ट्रक से उनकी सीधी टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार जिला न्यायालय का नया भवन पुराने आयकर विभाग की इमारत की जगह बनाया जा रहा है। एक ट्रक निर्माण सामग्री लेकर वहां पहुंचा था। सुबह लगभग 5 बजे सामग्री उतारकर लौटते समय ट्रक की बाइक से भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनींद्र को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद ट्रक चालक और स्थानीय लोगों ने उन्हें ऑटो से तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया।
सिम्स में डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन सुबह करीब 6 बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
मनींद्र के पिता हनुमंत सिंह श्याम राजनांदगांव जिले के छुरिया निवासी हैं और वर्तमान में बालोद जिले के गुरूर ब्लॉक में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया।


