ताजा खबर

डॉ. प्रमोद कुमार निगम को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
11-Feb-2026 2:37 PM
 डॉ. प्रमोद कुमार निगम को  लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार निगम को भारतीय त्वचा रोग विशेषज्ञ, वेनेरोलॉजिस्ट और लेप्रोलॉजिस्ट संघ (आईएडीवीएल) द्वारा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें त्वचा रोग चिकित्सा, शिक्षण, शोध और चिकित्सा प्रशासन में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

डॉ. निगम का जन्म 1959 में कानपुर (उत्तर प्रदेश) में हुआ। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में सेवा दी और बाद में रायपुर के पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के रूप में नियुक्त हुए। यहां उन्होंने वर्षों तक अध्यापन और चिकित्सा सेवाएं दीं और क्रमशः एसोसिएट प्रोफेसर, प्रोफेसर और डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। बाद में वे महासमुंद स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज के डीन भी बने।

डॉ. निगम को छत्तीसगढ़ में त्वचा रोग विभाग की स्थापना और स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा शुरू करने का श्रेय भी दिया जाता है। उन्हें 36 वर्षों से अधिक का शिक्षण अनुभव है और उन्होंने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर 80 से अधिक शोधपत्र प्रस्तुत किए हैं। वे कई प्रतिष्ठित चिकित्सा पत्रिकाओं के संपादकीय मंडल से भी जुड़े रहे हैं।

उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान अकादमी की सदस्यता, रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस, ग्लासगो की फेलोशिप सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की अनेक चिकित्सा समितियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

आईएडीवीएल ने उनके दीर्घकालिक योगदान को “चिकित्सा शिक्षा और त्वचा रोग विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा” बताते हुए उन्हें यह सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान जयपुर में आयोजित डर्माकॉन सम्मेलन के दौरान दिया गया।

चिकित्सा जगत में डॉ. प्रमोद कुमार निगम को एक कुशल चिकित्सक, शिक्षक और शोधकर्ता के रूप में व्यापक सम्मान प्राप्त है।


अन्य पोस्ट