ताजा खबर
रिवर व्यू पर आरपीएफ बैंड की संगीतमय संध्या में शामिल हुए मुख्यमंत्री
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 27 जनवरी। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर बिलासपुर के रेलवे व्यू में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विष्णु देव साय शामिल हुए। इस मौके पर रेलवे सुरक्षा बल के बैंड ग्रुप की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
टी.आर. यादव के नेतृत्व में बैंड ग्रुप ने वाद्य यंत्रों के माध्यम से देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई, इसके बाद सारे जहां से अच्छा और ऐ मेरे वतन के लोगों जैसे गीतों ने माहौल को भावुक और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक इस सांस्कृतिक संध्या में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता का शस्त्र रहा है। हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने इसी गीत को गाते हुए देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के आह्वान से नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति जागरूकता और गर्व की भावना मजबूत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की प्रशंसा की। इस अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा सामाजिक जागरूकता पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। पुलिस अधीक्षक (डीआईजी) रजनेश सिंह ने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य पर संक्षिप्त जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिले के विधायक, महापौर व अन्य जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।


